आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ग्रुप-ए में अपना पहला मुकाबला एजबेस्टन के स्टेडियम में पाकिस्तानी टीम के खिलाफ खेल रही है। इस मुकाबले में टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था, जिसके बाद भारतीय टीम 20 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 170 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रही। कप्तान हरमनप्रीत के बल्ले से इस मैच में 35 गेंदों में 36 रनों की पारी देखने को मिली, जिसके दम पर उन्होंने पूर्व कप्तान और बेहतरीन बल्लेबाज मिताली राज को पीछे छोड़ते हुए अब टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला खिलाड़ी बन गई हैं।
हरमनप्रीत के नाम अब 750 से अधिक रन
अभी तक महिला टी20 वर्ल्ड कप के सभी एडिशन में हिस्सा लेने वाली मौजूदा भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर का टूर्नामेंट में बल्ले से शानदार रिकॉर्ड देखने को मिलता है। हरमनप्रीत कौर ने अब तक महिला टी20 वर्ल्ड कप में कुल 40 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 34 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 25.4 के औसत से कुल 762 रन बनाए हैं। इस दौरान हरमनप्रीत कौर ने एक शतकीय और चार अर्धशतकीय पारियां खेली हैं, जिसमें उनके स्ट्राइक रेट को लेकर देखा जाए तो वह 111.73 का देखने को मिला है। वहीं अब इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंचने वाली पूर्व खिलाड़ी मिताली राज ने महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कुल 24 मुकाबले खेलते हुए 40.33 के औसत से 726 रन बनाए थे।
महिला टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय प्लेयर
- हरमनप्रीत कौर - 762 रन
- मिताली राज - 726 रन
- स्मृति मंधाना - 592 रन
- जेमिमा रोड्रिग्ज - 408 रन
- पूनम राउत - 375 रन
फिफ्टी प्लस पारियों में हरमनप्रीत-मंधाना के पास मिताली को पीछे छोड़ने का मौका
हरमनप्रीत कौर के बल्ले से अभी तक टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पांच फिफ्टी प्लस रनों की पारियां खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है, जिसमें वह मिताली राज और स्मृति मंधाना के साथ संयुक्त रूप से पहले नंबर पर हैं। ऐसे में इस वर्ल्ड कप में दोनों ही खिलाड़ियों के पास मिताली राज को इस मामले में पीछे छोड़कर नंबर-1 की कुर्सी पर कब्जा करने का शानदार मौका रहने वाला है। स्मृति मंधाना का पाकिस्तानी महिला टीम के खिलाफ मुकाबले में बल्ले से काफी बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला जिसमें उन्होंने 44 गेंदों में 68 रनों की पारी खेलने के साथ हरमनप्रीत और मिताली की इस मामले में बराबरी की।
ये भी पढ़ें
शैफाली वर्मा ने छक्का लगाकर रचा इतिहास, टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार हुआ गजब कारनामा
IND vs PAK: हरमनप्रीत कौर ने तोड़ा रोहित शर्मा का रिकॉर्ड, बनी सबसे ज्यादा टी20 वर्ल्ड कप खेलने वाली भारतीय खिलाड़ी
Latest Cricket News