आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज ग्रुप-ए में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले के साथ कर रही है। एजबेस्टन के स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। वहीं हरमनप्रीत ने इस मैच में मैदान पर उतरने के साथ ही एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जिसमें उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ने के साथ अब भारत की तरफ से सबसे ज्यादा महिला टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने वाली खिलाड़ी बन गई हैं।
हरमनप्रीत कौर खेल रहीं करियर का 10वां टी20 वर्ल्ड कप
भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर का अब तक इस जिम्मेदारी के साथ काफी शानदार प्रदर्शन मैदान पर देखने को मिला है। हरमनप्रीत कौर महिला टी20 वर्ल्ड कप के पहले एडिशन से हिस्सा ले रही हैं, जिसमें ये उनके करियर का 10वां टी20 वर्ल्ड कप है। वहीं इससे पहले वह भारत की तरफ से सबसे ज्यादा टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के मामले में रोहित शर्मा के साथ 9-9 से बराबरी पर थी, जिसमें उन्होंने अब उनको पीछे छोड़कर नंबर-1 की कुर्सी पर अपना कब्जा कर लिया है। रोहित शर्मा को लेकर बात की जाए तो उन्होंने साल 2007 में हुए पहले टी20 वर्ल्ड कप से लेकर साल 2024 तक हुए कुल 9 टी20 वर्ल्ड कप तक सभी में खेला है और उसके बाद उन्होंने इस फॉर्मेट को इंटरनेशनल क्रिकेट में अलविदा कह दिया था।
साल 2022 के बाद टीम इंडिया ने इंग्लैंड में जीता पहला टॉस
पाकिस्तानी महिला टीम के खिलाफ मुकाबले में जब भारतीय टीम ने टॉस जीता तो ये साल 2022 के बाद से पहला टी20 मुकाबला है जिसमें टीम इंडिया ने इंग्लैंड में किसी मुकाबले में टॉस जीता है। इसके अलावा लगातार 8 टॉस गंवाने का सिलसिला भी टीम इंडिया ने टी20 इंटरनेशनल में इस मुकाबले के साथ खत्म कर दिया है। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर अब टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने वाली खिलाड़ियों में सोफी डिवाइन को पीछे छोड़ने के साथ चौथे नंबर पर पहुंच गई हैं, जिसमें वह 40वां मैच खेल रही हैं। वहीं इस लिस्ट में पहले नंबर पर ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी का नाम है जिन्होंने महिला टी20 वर्ल्ड कप में कुल 48 मुकाबले खेले हैं।
ये भी पढ़ें
IND vs PAK: नो हैंडशेक पॉलिसी रही बरकरार, टॉस के दौरान हरमनप्रीत ने नहीं मिलाया पाक कप्तान से हाथ
बांग्लादेश में पुलिस ने की क्रिकेटर की पिटाई, बवाल मचने पर 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड