1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हर्ष दुबे ने एक ही पारी में झटके 9 विकेट, मध्य प्रदेश की टीम 209 रनों पर सिमटी, रजत पाटीदार रहे फ्लॉप

हर्ष दुबे ने एक ही पारी में झटके 9 विकेट, मध्य प्रदेश की टीम 209 रनों पर सिमटी, रजत पाटीदार रहे फ्लॉप

रणजी ट्रॉफी 2026-27 के चौथे राउंड में 2 नवंबर को मध्य प्रदेश की पूरी टीम सिर्फ 209 रन बनाकर आउट हो गई। इस मैच में विदर्भ के गेंदबाज हर्ष दुबे ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए अकेले 9 विकेट हासिल किए।

Harsh Dubey- India TV Hindi
Image Source : PTI हर्ष दुबे

रणजी ट्रॉफी 2026-27 के चौथे राउंड में एक मुकाबला विदर्भ और मध्य प्रदेश के बीच खेला जा रहा है। नागपुर में खेले जा रहे इस मुकाबले में मध्य प्रदेश की पूरी टीम पहली पारी में सिर्फ 209 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। मध्य प्रदेश की तरफ से अथर्व महाजन ने सबसे ज्यादा रन बनाए। विदर्भ के गेंदबाज हर्ष दुबे ने अपनी घातक गेंदबाजी से कहर बरपाते हुए अकेले ही मध्य प्रदेश के 9 खिलाड़ियों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। हर्ष दुबे ने इसी साल अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था।

मुकाबले में मध्य प्रदेश की खराब शुरुआत

मैच की शुरुआत में मध्य प्रदेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन शुरुआत अच्छी नहीं रही और नचिकेत भुते ने यश दुबे को आउट कर पहला झटका दिया, जो 12 गेंदों पर 5 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद हर्ष दुबे ने चंचल राठौड़ को आउट किया, जिन्होंने 13 रन बनाए। वहीं, सक्षम पुरोहित 21 रन और कप्तान रजत पाटीदार सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। पाटीदार से एक बड़ी पारी उम्मीद थी लेकिन वह फ्लॉप रहे।

अथर्व महाजन ने बनाए सबसे ज्यादा रन

मध्य प्रदेश की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए शुभम शर्मा ने 35 गेंदों पर 16 रन, सारांश जैन ने 41 गेंदों पर 34 रन और अरशद खान ने 34 गेंदों पर 12 रन बनाए। इसके अलावा कुमार कार्तिकेय ने 7 रन और रवि किरण ने 1 रन बनाया। अथर्व महाजन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 123 गेंदों पर सबसे ज्यादा 85 रन बनाए, उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 3 छक्के लगाए। जबकि आवेश खान 15 गेंदों पर 13 रन बनाकर नाबाद रहे।

हर्ष दुबे ने झटके 9 विकेट

विदर्भ की तरफ से गेंदबाजी में हर्ष दुबे ने कहर बरपाते हुए 23.1 ओवरों में सिर्फ 53 रन देकर 9 महत्वपूर्ण विकेट झटके और एक विकेट नचिकेत भुते को मिला जिन्होंने 46 रन दिए। हालांकि, विदर्भ के बाकी गेंदबाज जैसे रजनीश गुरबानी, दर्शन नलकंडे, अमन मोखाड़े और पार्थ रेखाड़े को कोई भी विकेट नहीं मिला। जवाब में पहले दिन का खेल खत्म होने तक विदर्भ ने 4 विकेट के नुकसान पर 52 रन बना लिए हैं।

यह भी पढ़ें

पाकिस्तान ने जिस मैच में रचा इतिहास, उसी पर आईसीसी का सख्त एक्शन, लगा दी पेनाल्टी

मुकेश-सिराज ने मिलकर झटके 9 विकेट, फिर भी न्यूजीलैंड ए ने पहली पारी में बना दिए 424 रन, मिली बड़ी बढ़त

Latest Cricket News