भारत और अफगानिस्तान की टीम के बीच में तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला धर्मशाला के स्टेडियम में खेला जा रहा है। बारिश के चलते ये मुकाबला काफी देर से शुरू हुआ जिसमें 25-25 ओवर्स का मैच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है, जिसमें भारतीय टीम की तरफ से प्लेइंग 11 में दो नए खिलाड़ियों को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिला है। इसमें एक नाम आईपीएल 2026 सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाले हर्ष दुबे का है तो वहीं दूसरा नाम पिछले काफी समय से घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले 6 फुट से अधिक लंबे तेज गेंदबाज गुरनूर बरार का नाम शामिल है।
लिस्ट-ए में दोनों ने किया है शानदार प्रदर्शन
घरेलू क्रिकेट में विदर्भ की तरफ से खेलने वाले स्पिन ऑलराउंडर खिलाड़ी हर्ष दुबे के लिस्ट-ए क्रिकेट में रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें उन्होंने 30 मैचों में खेलते हुए 37.87 के औसत से कुल 31 विकेट हासिल किए हैं। इसके अलावा बल्ले से उनका प्रदर्शन देखा जाए तो उन्होंने कुल 296 रन बनाए हैं जिसमें 2 अर्धशतकीय पारियां भी शामिल हैं। वहीं पंजाब की तरफ से खेलने वाले तेज गेंदबाज गुरनूर बरार पिछले काफी समय से टीम इंडिया के स्क्वाड का हिस्सा तो रहे हैं लेकिन उन्हें डेब्यू करने का मौका अब मिला है। गुरनूर का लिस्ट-ए में प्रदर्शन देखा जाए तो उसमें उन्होंने सिर्फ 9 मुकाबले खेले हैं जिसमें वह 12 विकेट लेने में कामयाब रहे हैं।
ईशान की तीन साल बाद वनडे टीम में हुई वापसी
अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला में खेले जा रहे पहले वनडे मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 को लेकर बात की जाए तो उसमें कुलदीप यादव को जगह नहीं मिली है। इसके अलावा विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ईशान किशन संभाल रहे हैं, जो साल 2023 वनडे वर्ल्ड कप के बाद अब अगला मुकाबला खेल रहे हैं। ऐसे में इस मैच में केएल राहुल को एक बल्लेबाज के रूप में जगह मिली है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस के समय प्लेइंग 11 को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि इस सीरीज का मकसद अलग-अलग कॉम्बिनेशन आजमाना और यह देखना है कि हमारे लिए क्या काम करता है। वर्ल्ड कप से पहले हम सिर्फ 15 से 20 वनडे खेल रहे हैं और इसमें हमारी प्लानिंग अलग-अलग कॉम्बिनेशन आजमाना और अपनी ताकत को समझना है।
इस मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत - शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।
अफगानिस्तान - इब्राहिम जदरान, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मोहम्मद सलीम सैफी, एएम गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी।
ये भी पढ़ें
बांग्लादेशी क्रिकेटर के साथ पुलिस ने की बदसलूकी, लाठी और पाइप से लगा पीटने का आरोप