1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारतीय खिलाड़ी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया रिटायरमेंट का फैसला, एक दशक से अधिक लंबा रहा करियर

भारतीय खिलाड़ी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया रिटायरमेंट का फैसला, एक दशक से अधिक लंबा रहा करियर

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Oct 15, 2026 11:03 pm IST,  Updated : Oct 15, 2026 11:03 pm IST

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी पूनम राउत ने इंटरनेशनल क्रिकेट से अपने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है, जिसके साथ ही उन्होंने एक दशक से अधिक लंबे अपने करियर को भी विराम दे दिया।

Punam Raut- India TV Hindi
पूनम राउत Image Source : AFP

भारतीय महिला क्रिकेट से पिछले काफी लंबे समय से बाहर चल रहीं शानदार बल्लेबाज पूनम राउत ने 15 अक्टूबर की शाम को इंटरनेशनल क्रिकेट से अपने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। पूनम राउत ने साल 2009 में इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था, जिसके बाद उनको तीनों ही फॉर्मेट में खेलने का मौका मिला जिसमें वनडे और टेस्ट में पूनम का बल्ले से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। पूनम राउत उन चुनिंदा भारतीय महिला खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हैं जो वनडे और टेस्ट दोनों फॉर्मेट में शतक लगाने में कामयाब रही हैं। पूनम ने अपने रिटायरमेंट लेने की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने के साथ दी जिसमें उन्होंने लिखा कि मेरे लिए यह सफर हमेशा यादगार रहेगा जिसमें भारतीय टीम के लिए खेलना सपना पूरा होने जैसा था।

क्रिकेट ने मुझे खेल से ज्यादा दिया

पूनम राउत ने इंटरनेशनल क्रिकेट से अपने रिटायरमेंट लेने के फैसले को लेकर इंस्टाग्राम पर जो पोस्ट किया उसमें उन्होंने लिखा कि मुंबई की सड़कों से लेकर भारतीय टीम की जर्सी पहनने तक का यह सफर किसी आशीर्वाद से कम नहीं रहा। यह एक ऐसा सफर था जिसमें कई बलिदान, संघर्ष, यादगार जीत, कड़े सबक और ऐसे पल शामिल रहे जिनको मैं जीवन भर संजोकर रखूंगी। देश का प्रतिनिधित्व करना सिर्फ एक सपना पूरा होने जैसा नहीं था, बल्कि यह एक ऐसा सौभाग्य था जिसे मैंने हमेशा बहुत गर्व के साथ निभाया। अपने इंटरनेशनल क्रिकेट करियर के इस अध्याय को समाप्त करते हुए, मेरा दिल उन सभी लोगों के प्रति आभार से भरा है जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया, मेरा साथ दिया और मेरी इस जर्नी का हिस्सा बने। क्रिकेट ने मुझे सिर्फ एक करियर ही नहीं दिया, बल्कि मुझे एक मकसद, एक पहचान और एक परिवार भी दिया। मुझमें मौजूद खिलाड़ी भले ही पीछे हट जाए, लेकिन इस खेल के लिए मेरा प्यार कभी रिटायर नहीं होगा। मेरी अगली पारी उस खेल को कुछ वापस देने के बारे में है जिसने मुझे सब कुछ दिया है।

ऐसा रहा है पूनम राउत का इंटरनेशनल करियर

टीम इंडिया की एक समय शानदार खिलाड़ियों में शामिल पूनम राउत के इंटरनेशनल करियर को लेकर बात की जाए तो उन्होंने 73 वनडे मैचों में खेलते हुए जहां 2299 रन बनाए तो वहीं उनके बल्ले से तीन शतकीय और 15 अर्धशतकीय पारियां भी देखने को मिली। इसके अलावा पूनम ने चार टेस्ट मैच भी खेले और उसमें एक शतकीय पारी के दम पर कुल 264 रन बनाने में कामयाब रहीं। इसके अलावा 35 टी20 इंटरनेशनल कुल 719 रन बनाने में कामयाब रहीं जिसमें उनके बल्ले से चार अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली। पूनम राउत ने आखिरी बार भारतीय टीम की जर्सी में मुकाबला साल 2021 के जून महीने में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में खेला था।

ये भी पढ़ें

स्मृति मंधाना का कप्तान बनने के बाद आया बड़ा बयान, कहा - चैंपियंस ट्रॉफी तक हमें टी20 में कई चीजों में सुधार की जरूरत

Asian Games 2026 के पदक विजेताओं से पीएम मोदी ने की मुलाकात, महिला और पुरुष हॉकी टीम ने भेंट की जर्सी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।