1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हेली मैथ्यूज ने ODI क्रिकेट में मचाया तहलका, 28 चौकों-छक्कों से ठोक दिए 182 रन, 13 साल पुराना कीर्तिमान चकनाचूर

हेली मैथ्यूज ने ODI क्रिकेट में मचाया तहलका, 28 चौकों-छक्कों से ठोक दिए 182 रन, 13 साल पुराना कीर्तिमान चकनाचूर

वेस्टइंडीज की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हेली मैथ्यूज ने इतिहास रच दिया है। जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले ODI में हेली मैथ्यूज ने धमाकेदार सेंचुरी जड़ी।

Hayley Matthews- India TV Hindi
Image Source : AFP हेली मैथ्यूज

वेस्टइंडीज की धाकड़ महिला क्रिकेटर हेली मैथ्यूज ने बल्ले से नया इतिहास रच दिया। जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले ODI में हेली मैथ्यूज ने बल्ले से जमकर कहर बरपाया और न केवल सिर्फ शतक जड़ा बल्कि, महिला ODI क्रिकेट के इतिहास में छठा सबसे बड़ा स्कोर बनाने का कारनामा कर दिया। इस पारी के दौरान ODI क्रिकेट में नया इतिहास बनते-बनते रह गया। दरअसल, हेली मैथ्यूज ODI क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने से चूक गईं।

वेस्टइंडीज क्रिकेट में बना नया इतिहास

उन्होंने 156 गेंदों में 182 रनों की पारी खेली। अपनी इस धमाकेदार पारी में उन्होंने 26 चौके और 2 छक्के जड़े। इस तरह वह वेस्टइंडीज की ओर से ODI क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाली महिला क्रिकेटर बन गईं। इससे पहले यह कीर्तिमान स्टेफनी टेलर के नाम दर्ज था। सारा ने फरवरी 2013 में श्रीलंका के खिलाफ मुंबई में 171 रनों की पारी खेली थी। हेली मैथ्यूज की 182 रनों की पारी महिला ODI क्रिकेट के इतिहास का छठा सबसे बड़ा स्कोर है। महिला ODI क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड एमेलिया केर के नाम दर्ज है। उन्होंने जून 2018 में डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ नाबाद 232 रनों की पारी खेली थी।

हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद मैथ्यूज ने शुरू से ही मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी। उन्होंने रियालेना ग्रिमंड के साथ मिलकर पारी का धमाकेदार आगाज किया। उन्होंने रियालेना ग्रिमंड के साथ मिलकर 128 रनों की शानदार ओपनिंग पार्टनरशिप की। ग्रिमंड भी अच्छी फॉर्म में दिखीं और उन्होंने 59 गेंदों में तेजी से 50 रन बनाए।

जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर हुई धुनाई

ग्रिमंड और स्टेफनी टेलर के जल्दी आउट होने के बाद जब कप्तान का साथ देने के लिए शेमेन कैंपबेल आईं, तब भी वेस्टइंडीज की पारी मजबूत स्थिति में थी। इसके बाद दोनों ने मिलकर वेस्टइंडीज को आसानी से 35 ओवर में 179 रनों के स्कोर तक पहुंचाया। इस दौरान वेस्टइंडीज की कप्तान ने शानदार अंदाज में शतक पूरा किया। उन्होंने 108 गेंदों में 100 रन का आंकड़ा पार किया। इस दौरान उन्होंने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए एक दर्जन से ज्यादा बाउंड्री लगाने का कमाल किया। 

ODI क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली महिला क्रिकेटर

  • 232* - एमेलिया केर (न्यूजीलैंड)
  • 229* - बेलिंडा क्लार्क (ऑस्ट्रेलिया)
  • 195* - चमारी अट्टापट्टू (श्रीलंका)
  • 188 - दीप्ति शर्मा (भारत)
  • 184* - लौरा वोल्वार्ड्ट (साउथ अफ्रीका)
  • 182 - हेली मैथ्यूज (वेस्टइंडीज)

हेली मैथ्यूज आखिरी ओवर की पहली गेंद पर टेंडाई मकुशा का शिकार बनीं। हालांकि, तब तक टीम का स्कोर 300 रन के करीब पहुंच चुका था। मैथ्यूज की ऐतिहासिक पारी के दम पर वेस्टइंडीज की टीम 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 299 रन बनाने में सफल रही। मेजबान जिम्बाब्वे की टीम की ओर से फ्रांसिस्का चिपारे सबसे ज्यादा 2 विकेट चटकाने में सफल रहीं।

यह भी पढ़ें:

IND vs WI वनडे सीरीज में विराट कोहली और रोहित शर्मा के पास सुनहरा मौका, जल्द ही करेंगे एक और कमाल कारनामा

एशियन गेम्स में मेंस क्रिकेट का आगाज, पहले ही मुकाबले में रोचक जंग, अफगानिस्तान ने मारी बाजी

Latest Cricket News