Hardik Pandya: पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 के 24वें मैच में मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही पंजाब की टीम 9 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में पहले पायदान पर पहुंच गई है। वहीं मुंबई के लिए इस आईपीएल में लगातार चौथी हार है। पंजाब से मिली हार के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या काफी मायूस नजर आए। पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में जब हार्दिक से इस मैच को लेकर सवाल पूछा गया तब उन्होंने कहा कि इस हार के बाद फिलहाल उनके पास कहने के लिए कुछ नहीं है।
हार के बाद निशब्द हुए MI कप्तान हार्दिक
मैच के बाद ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए हार्दिक पांड्या ने कहा कि सच कहूं तो, अभी मेरे पास कहने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है। मुझे लगता है कि हमें सच में वापस जाकर अपनी रणनीति पर फिर से विचार करना होगा और देखना होगा कि हम कहां गलती कर रह रहे हैं। क्या यह किसी एक खिलाड़ी की वजह से है? क्या यह पूरी टीम की वजह से है? या क्या यह हमारी प्लानिंग में कमी की वजह से है? हम अगले मैच से पहले इसका पता लगाएंगे और देखेंगे कि आगे हम क्या कर सकते हैं।
पंजाब ने सभी डिपार्टमेंट में अच्छा प्रदर्शन किया- हार्दिक
पांड्या ने आगे कहा कि मुझे लगता है कि हमें इस जीत का क्रेडिट पंजाब को देना होगा। गेंद रिवर्स स्विंग होने लगी थी। दूसरी पारी में ओस आ गई थी, जिससे बल्लेबाजी थोड़ी आसान हो गई थी, लेकिन इसके बावजूद, उन्होंने हमें पूरी तरह से मैच से बाहर कर दिया। उन्होंने हमसे बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया और निश्चित रूप से बेहतर फील्डिंग भी की। इसी वजह से उन्हें इस मैच में जीत मिली। मुझे लगता है कि हमें यह देखना होगा कि क्या हमें कुछ कड़े फैसले लेने की जरूरत है, या फिर हमें बस इसी तरह आगे बढ़ते रहना चाहिए। उम्मीद हैं कि हम आने वाले मैचों में कुछ सुधार करेंगे।
बेकार गई डी कॉक की शतकीय पारी
मुकाबले की बात करें तो पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम ने क्विंटन डी कॉक की शतकीय पारी के बदौलत 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए। डी कॉक ने 60 बॉल पर 112 रन की नाबाद पारी खेली। लेकिन उनकी ये पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। पंजाब की टीम ने 16.3 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 198 रन बनाकर टारगेट को आसानी से हासिल कर लिया। पंजाब के लिए प्रभसिमरन सिंह ने नाबाद 80 रन बनाए, वहीं श्रेयस अय्यर ने 66 रन का योगदान दिया।
यह भी पढ़ें
Quinton de Kock ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच ठोकी सेंचुरी, राहुल-संजू वाले स्पेशल क्लब का बने हिस्सा
युजवेंद्र चहल का ध्यान कहां भटक रहा है, पहले छोड़ दिया हलुआ कैच फिर पहले ही ओवर में हुई ताबड़तोड़ पिटाई
Latest Cricket News