A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC ने लगाया बांग्लादेश क्रिकेट टीम पर जुर्माना, इस गलती का भुगतना पड़ा अंजाम

ICC ने लगाया बांग्लादेश क्रिकेट टीम पर जुर्माना, इस गलती का भुगतना पड़ा अंजाम

BAN vs NZ: बांग्लादेश की टीम अपने घर पर न्यूजीलैंड की टीम के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है, जिसमें दूसरे मैच में बांग्लादेश को आईसीसी की तरफ से जुर्माने का सामना करना पड़ा है। अभी ये सीरीज 1-1 की बराबरी पर चल रही है।

Bangladesh Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : AFP बांग्लादेश क्रिकेट टीम

बांग्लादेश की टीम अभी घर पर न्यूजीलैंड की मेजबानी कर रही है, जिसमें दोनों टीमों के बीच में 17 अप्रैल से तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज हुआ था, जिसके अब तक दो मुकाबले खेले जा चुके हैं। न्यूजीलैंड की टीम ने जहां इस सीरीज के पहले मुकाबले को 26 रनों से अपने नाम किया था, तो वहीं बांग्लादेश की टीम ने दूसरे वनडे मैच में शानदार वापसी करने के साथ उसे 6 विकेट से अपने नाम करने के साथ सीरीज को 1-1 की बराबरी पर ला दिया था। अब बांग्लादेश को आईसीसी की तरफ से जुर्माने का सामना करना पड़ा है, जिसमें टीम की 10 फीसदी मैच फीस काटने का आदेश दिया गया है।

बांग्लादेश पर लगा स्लो ओवर रेट का जुर्माना

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में बांग्लादेश की टीम तय समय के अंदर अपने ओवर्स का कोटा पूरा करने में कामयाब नहीं हो सकी थी, जिसमें उसे 2 ओवर धीमे करने का दोषी पाया गया था। इस मामले में आईसीसी के मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट के सामने बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज सुनवाई के लिए पहुंचे और उन्होंने स्लो ओवर रेट को गलती को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद टीम की मैच फीस पर 10 फीसदी जुर्माना लगाने का आदेश दिया गया। अब इस मामले में बांग्लादेश कप्तान के गलती स्वीकार कर लेने से इस मामले में अब आगे कोई सुनवाई नहीं होगी। खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के सहयोगी स्टाफ के लिए आईसीसी आचार संहिता के न्यूनतम ओवर गति के अपराधों से संबंधित नियम 2.22 के अनुसार किसी टीम के निर्धारित समय में प्रत्येक ओवर कम फेंकने के लिए उसके खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।

चट्टोग्राम में खेला जाएगा वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला

तीन मैचों की ये वनडे सीरीज वनडे वर्ल्ड कप 2027 में सीधे क्वालीफाई करने के लिए बांग्लादेश टीम के लिए काफी अहम है। दो मैच होने के बाद अभी ये सीरीज 1-1 की बराबरी पर है, जिसके बाद अब सभी की नजरें तीसरे वनडे मैच को लेकर टिकी हुई है, जो 23 अप्रैल को चट्टोग्राम के स्टेडियम में खेला जाएगा। इस वनडे सीरीज के खत्म होने के बाद बांग्लादेश और न्यूजीलैंड की टीम के बीच में तीन मैचों की टी20 सीरीज भी खेली जाएगी, जिसका पहला मैच 27 अप्रैल को खेला जाएगा।

ये भी पढ़ें

टी20 इंटरनेशनल में सिर्फ 2 गेंदबाज कर पाए ये अद्भुत कारनामा, इस रिकॉर्ड की हो सकती सिर्फ बराबरी; टूटना असंभव

VIDEO: लगातार 4 गेंदों में 4 विकेट, लेकिन 18 साल के गेंदबाज के खाते में आई सिर्फ हैट्रिक

Latest Cricket News