1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हार का दर्द कम नहीं था, अब ICC ने भी दिया झटका, इंग्लैंड के WTC खाते से काटे 12 पॉइंट

हार का दर्द कम नहीं था, अब ICC ने भी दिया झटका, इंग्लैंड के WTC खाते से काटे 12 पॉइंट

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 253 रन की हार के बाद इंग्लैंड को ICC ने बड़ा झटका दिया है। इंग्लैंड के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) खाते से 12 पॉइंट काट लिए गए हैं और खिलाड़ियों पर 50 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना भी लगाया गया है।

ENG vs NZ WTC- India TV Hindi
Image Source : AFP इंग्लैंड क्रिकेट टीम

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मिली करारी हार से इंग्लैंड की टीम अभी उबर भी नहीं पाई थी कि उसे एक और बड़ा झटका लग गया। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC ने इंग्लैंड को तगड़ा झटका दिया है। ICC ने स्लो ओवर रेट के कारण इंग्लैंड पर सख्त कार्रवाई की है और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में इंग्लिश टीम के खाते से 12 पॉइंट काट लिए हैं। इसके साथ ही खिलाड़ियों की मैच फीस का 50 प्रतिशत हिस्सा भी जुर्माने के रूप में काटा गया है। लंदन के ओवल मैदान पर खेले गए दूसरे टेस्ट में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 253 रन से हराया था। मैच खत्म होने के कुछ ही समय बाद ICC ने इंग्लैंड को आधिकारिक तौर पर कड़ी सजा देने का फैसला सुनाया।

WTC में इंग्लैंड का बड़ा नुकसान

ICC एलीट पैनल के मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने पाया कि निर्धारित समय और उपलब्ध छूट को ध्यान में रखने के बाद भी इंग्लैंड 12 ओवर पीछे रहा। ICC के नियमों के अनुसार, टीम जितने ओवर कम फेंकती है, उतनी ही सजा उसे भुगतनी पड़ती है। नियम के तहत हर कम ओवर के लिए खिलाड़ियों की मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। अधिकतम जुर्माना 50 प्रतिशत तक हो सकता है। चूंकि इंग्लैंड 12 ओवर पीछे था, इसलिए टीम पर अधिकतम 50 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के नियमों के मुताबिक, एक ओवर कम होने पर टीम का एक पॉइंट काटा जाता है। इसी आधार पर इंग्लैंड के खाते से सीधे 12 WTC पॉइंट घटा दिए गए। यह सजा इंग्लैंड की WTC फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा नुकसान पहुंचा सकती है, क्योंकि हर पॉइंट इस चक्र में बेहद अहम माना जा रहा है। इस सजा के बाद WTC पॉइंट्स टेबल में इंग्लैंड के अब 50 से घटकर 38 पॉइंट्स हो गए हैं और वे 7वें स्थान पर बने हुए हैं। उनका पॉइंट्स प्रतिशत यानी PCT भी 34.72 से घटकर 26.38 हो गया है।

जो रूट ने मानी गलती

इंग्लैंड के कार्यवाहक कप्तान जो रूट ने आरोप स्वीकार करते हुए प्रस्तावित सजा को मान लिया है। इसके चलते औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। मैदान पर मौजूद अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक, नितिन मेनन, थर्ड अंपायर रॉड टकर और फोर्थ अंपायर ग्राहम लॉयड ने यह आरोप लगाया था। इस बीच निर्णायक तीसरे टेस्ट से पहले इंग्लैंड के लिए एक अच्छी खबर भी आई है। टीम के नियमित कप्तान बेन स्टोक्स की टीम में वापसी हो गई है। लॉर्ड्स टेस्ट के बाद नाइट क्लब में हुए विवाद के कारण उन्हें दूसरे टेस्ट से बाहर रखा गया था। तेज गेंदबाज गस एटकिंसन भी टीम में लौट आए हैं। दोनों खिलाड़ियों को नाइट क्लब घटना की जांच के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने खेलने की मंजूरी दे दी।

यह भी पढ़ें:

जो रूट कब और किस टेस्ट मैच में तोड़ सकते हैं सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड? सामने आई हैरान करने वाली भविष्यवाणी

हरमनप्रीत कौर का साउथ अफ्रीका से मिली हार पर फूटा गुस्सा, फील्डिंग और खराब गेंदबाजी को ठहराया जिम्मेदार

Latest Cricket News