1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC ODI रैंकिंग में स्टार भारतीय बल्लेबाज को जबरदस्त फायदा, धाकड़ गेंदबाज ने लगाई लंबी छलांग

ICC ODI रैंकिंग में स्टार भारतीय बल्लेबाज को जबरदस्त फायदा, धाकड़ गेंदबाज ने लगाई लंबी छलांग

ICC ODI Rankings: ICC की ओर से ताजा ODI रैंकिंग का ऐलान कर दिया गया है। शीर्ष पर स्टार भारतीय बल्लेबाज स्मृति मंधाना का जलवा बरकरार है।

Smriti Mandhana- India TV Hindi
Image Source : PTI स्मृति मंधाना

ICC ODI Rankings: भारत की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने ICC महिला ODI बल्लेबाज रैंकिंग में अपनी नंबर-1 पॉजिशन को और भी मजबूत कर लिया है। महिला वर्ल्ड कप में लगातार दो अर्धशतक जमाने के बाद मंधाना की रेटिंग में इजाफा हो गया है। पहले मंधाना की रेटिंग 793 थी, जो अब बढ़कर 809 हो गई। इस तरह वह अपने करियर की बेस्ट रेटिंग 818 के काफी करीब पहुंच गई हैं।

मंधाना की बादशाहत बरकरार

इंदौर में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मंधाना ने शानदार 88 रनों की पारी खेली थी। हालांकि टीम को करीबी हार झेलनी पड़ी, लेकिन इस प्रदर्शन से मंधाना के रेटिंग पॉइंट्स में इजाफा हुआ और वह अब 83 रेटिंग पॉइंट की बढ़त के साथ दुनिया की नंबर-1 ODI बल्लेबाज बनी हुई हैं। मंधाना हाल के महीनों में जबरदस्त फॉर्म में हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI सीरीज में उनके शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें सितंबर 2025 के लिए ICC महिला प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया था। उसी लय को उन्होंने वर्ल्ड कप में भी जारी रखा है। इंग्लैंड की कप्तान नैट सिवर-ब्रंट दूसरे स्थान पर हैं। उनकी रेटिंग 726 है।

ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली लगातार दो शतक जमाने के बाद रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं साउथ अफ्रीका की इन-फॉर्म बल्लेबाज टैजमिन ब्रिट्स एक स्थान की बढ़त के साथ टॉप-10 में नौवें स्थान पर पहुंच गई हैं।

हरमनप्रीत कौर को हुआ फायदा

टॉप-10 के बाहर भी कई खिलाड़ियों की रैंकिंग में सुधार हुआ है। भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर तीन स्थान की छलांग लगाकर 15वें स्थान पर पहुंच गई हैं। ऑस्ट्रेलिया की फोएबी लिचफील्ड पांच स्थान चढ़कर 17वें पर और इंग्लैंड की हीदर नाइट 15 स्थान की छलांग लगाकर 18वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

ODI गेंदबाजों की रैंकिंग में इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन ने शीर्ष स्थान पर अपनी बढ़त बनाए रखी है। वहीं, भारत की दीप्ति शर्मा शानदार प्रदर्शन के दम पर जबरदस्त छलांग लगाई है। दीप्ति तीन पायदान की छलांग लगाते हुए तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। दीप्ति ने वर्ल्ड कप में अब तक 5 मैचों में 13 विकेट झटके हैं।

ऑस्ट्रेलिया की स्पिनर अलाना किंग दो स्थान ऊपर उठकर सातवें स्थान पर पहुंची हैं, जबकि पाकिस्तान की तिकड़ी नाशरा संधू (11वां), सादिया इकबाल (संयुक्त 14वां) और फातिमा सना (24वां) को भी उनके प्रदर्शन का इनाम मिला है। ऑलराउंडर रैंकिंग में भी फातिमा सना पांच स्थान की छलांग लगाकर 15वें स्थान पर पहुंची हैं। वहीं श्रीलंका की कप्तान चामारी अटापट्टू एक स्थान की बढ़त के साथ सातवें स्थान पर पहुंची हैं।

यह भी पढ़ें

क्या पहला टेस्ट खेल पाएंगे कप्तान? स्टीव स्मिथ ने पैट कमिंस को लेकर दिया बड़ा अपडेट

बांग्लादेश की हार से भारत को हुआ बड़ा फायदा, जानिए कैसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट?

Latest Cricket News