ICC Rankings: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया सीरीज के बीच आईसीसी रैंकिंग में बदलाव, इस भारतीय खिलाड़ी को नुकसान
ICC Rankings: आईसीसी ने एक बार फिर से वनडे की रैंकिंग जारी कर दी है। रेटिंग में नुकसान के बाद भी शुभमन गिल अभी तक नंबर एक बल्लेबाज हैं। श्रेयस अय्यर को इस बार रैंकिंग में नुकसान उठाना पड़ा है।
ICC ODI Rankings: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी वनडे सीरीज के बीच आईसीसी ने नई रैंकिंग जारी कर दी है। इसमें टॉप के बल्लेबाजों को बहुत ज्यादा नुकसान रैंकिंग में तो नहीं हुआ है, लेकिन इसके बाद भी भारतीय बल्लेबाजों को हल्का सा घाटा रेटिंग में होता हुआ नजर आ रहा है। श्रेयस अय्यर को तो रैंकिंग में भी नीचे जाना पड़ा है। हालांकि अच्छी बात ये है कि शुभमन गिल अभी भी दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बने हुए हैं।
शुभमन गिल को रेटिंग का नुकसान, लेकिन फिर भी नंबर एक बल्लेबाज
आईसीसी की ओर से जारी की गई रैंकिंग में अभी भी भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल नंबर एक बल्लेबाज हैं। उनकी रेटिंग अभी 768 की है। जो इससे पहले 784 की थी। यानी उन्हें रेटिंग का नुकसान हुआ है। लेकिन इतना नहीं कि वे दूसरे नंबर पर चले जाएं। इतना जरूर है कि अब पहले और दूसरे नंबर के बल्लेबाज के बीच रेटिंग में ज्यादा अंतर नहीं रह गया है। गिल की रेटिंग जहां एक ओर 768 की है, वहीं दूसरे नंबर पर काबिज अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान की रेटिंग 764 की है। अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले दूसरे मैच में गिल को एक बड़ी पारी खेलनी होगी, नहीं तो वे पहले नंबर की कुर्सी से हट भी सकते हैं।
इस वक्त कहां हैं रोहित शर्मा और विराट कोहली
ये तो रही टॉप 2 बल्लेबाजों की बात, लेकिन तीसरे नंबर पर नजर डालें तो वहां पर पूर्व कप्तान रोहित शर्मा बने हुए हैं। उन्हें भी रेटिंग का नुकसान हुआ है। फिलहाल रोहित 745 की रेटिंग के साथ तीसरे नंबर पर बने हुए हैं। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम 739 की रेटिंग के साथ नंबर 4 पर कब्जा जमाए हुए हैं। इसके बाद नंबर आता है विराट कोहली का। कोहली की रेटिंग भी कम हुई है। फिलहाल वे 724 की रेटिंग के साथ नंबर 5 पर हैं।
श्रेयस अय्यर एक स्थान के नुकसान के साथ नंबर 10 पर पहुंचे
टॉप 10 की लिस्ट में केवल दो ही बल्लेबाज ऐसे हैं, जिनकी रैंकिंग बदली है। वे हैं भारत के श्रेयस अय्यर और वेस्टइंडीज के शे होप। पिछले मैच में अच्छी बल्लेबाज न कर पाने वाले श्रेयस अय्यर को इस बार एक स्थान का नुकसान हुआ है। वे 691 की रेटिंग के साथ नंबर 10 पर चले गए हैं। अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ टेस्ट में केवल 11 रन बनाकर आउट हो गए थे। इस बीच शे होप को एक स्थान का फायदा हुआ है, वे अब 700 की रेटिंग के साथ नंबर 9 पर पहुंच गए हैं।
यह भी पढ़ें
IND vs AUS: क्या अब आने वाली है एक और सेंचुरी! पहले मैच में तो खाता तक नहीं खुला
एडिलेड वनडे से पहले शुभमन गिल के लिए अच्छी खबर, 17 साल से नहीं हो पाया है ये अनोखा काम
