1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC Rankings: दुनिया की नंबर-1 गेंदबाज बनीं स्टार भारतीय ऑलराउंडर, मंधाना से छिना नंबर-1 का ताज

ICC Rankings: दुनिया की नंबर-1 गेंदबाज बनीं स्टार भारतीय ऑलराउंडर, मंधाना से छिना नंबर-1 का ताज

ICC रैंकिंग में भारत की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने नंबर-1 के सिंहासन पर कब्जा कर लिया है जबकि स्टार भारतीय बल्लेबाज स्मृति मंधाना एक पायदान नीचे खिसक गईं हैं।

ICC Rankings- India TV Hindi
Image Source : AP दीप्ति शर्मा और स्मृति मंधाना

ICC Rankings: ICC ने ताजा रैंकिंग जारी कर दी है, जिसमें भारत की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। दीप्ति शर्मा महिला T20I रैंकिंग में नंबर-1 गेंदबाज बन गई हैं। दीप्ति ने पहली बार T20I रैंकिंग में नंबर-1 का ताज हासिल किया है। यह उपलब्धि उन्होंने भारत और श्रीलंका के बीच घरेलू T20I सीरीज के पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के बाद हासिल की। विशाखापत्तनम में खेले गए इस मैच में दीप्ति ने चार ओवर में सिर्फ 20 रन देकर एक विकेट लिया, जिसने उन्हें ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड को पछाड़ते हुए नंबर-1 T20I गेंदबाज बना दिया।

एनाबेल सदरलैंड अगस्त से इस लिस्ट में शीर्ष पर बनी हुई थीं, लेकिन दीप्ति को भारत की आठ विकेट की जीत से पांच रेटिंग पॉइंट मिले। अब 28 साल की दीप्ति के पास T20I गेंदबाजों की रैंकिंग में सदरलैंड पर सिर्फ 1 पॉइंट की बढ़त है। महिला T20I गेंदबाजों की रैंकिंग में पाकिस्तानी गेंदबाज सादिया इकबाल को एक स्थान का नुकसान झेलना पड़ा है। सादिया अब तीसरे स्थान पर खिसक गई हैं। इसके अलावा टॉप-10 महिला गेंदबाजों की T20I रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है। 

स्मृति मंधाना से छिना नंबर-1 का ताज

एक तरफ जहां दीप्ति शर्मा ने टॉप पर कब्जा जमाया तो दूसरी तरफ स्मृति मंधाना से नंबर-1 का ताज छिन गया है। स्मृति मंधाना को एक पायदान का नुकसान हुआ है और अब वह महिला ODI बल्लेबाजों की रैंकिंग में दूसरे पायदान पर खिसक गई हैं। ICC की ताजा महिला रैंकिंग में साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट को बड़ा फायदा हुआ है। लौरा वोल्वार्ड्ट ने मंधाना को पछाड़ते हुए महिला ODI बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 की गद्दी पर कब्जा कर लिया है।

टॉप-10 में 2 भारतीय बल्लेबाज

लौरा वोल्वार्ड्ट को आयरलैंड के खिलाफ घरेलू तीन मैचों की ODI सीरीज में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। वोल्वार्ड्ट ने आयरलैंड के खिलाफ आखिरी दो मुकाबलों में लगातार शतक लगाए और साउथ अफ्रीका ने यह सीरीज 3-0 से अपने नाम की। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर वोल्वार्ड्ट ने करियर की बेस्ट रेटिंग हासिल करते हुए शीर्ष स्थान पर कब्जा कर लिया। टॉप-10 ODI बल्लेबाजों में भारत की 2 महिला बल्लेबाज शामिल हैं। स्मृति मंधाना जहां दूसरे स्थान पर खिसक गई हैं। वहीं, जेमिमा रोड्रिगेज 10वें पायदान पर बरकरार हैं।

यह भी पढ़ें:

SA20 के चौथे सीजन के आगाज से पहले सभी टीमों ने जारी किए अपडेटेड स्क्वॉड, इन खिलाड़ियों को मिला मौका

बड़ी खबर! एक साथ 2 खिलाड़ियों ने किया इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान

Latest Cricket News