A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC Rankings: पाकिस्तान को मिला आईसीसी रैंकिंग में फायदा, कमजोर टीम को हराकर उछल रहा है पूरा देश

ICC Rankings: पाकिस्तान को मिला आईसीसी रैंकिंग में फायदा, कमजोर टीम को हराकर उछल रहा है पूरा देश

आईसीसी रैंकिंग की रेटिंग में पाकिस्तान को फायदा मिला है। हालांकि उसकी रैंकिंग अभी भी पहले ही वाली है। ऑस्ट्रेलिया की टीम को हल्का सा नुकसान हुआ है। पाकिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया सीरीज का पहला मुकाबला हो गया है।

Shaheen Shah Afridi and babar azam- India TV Hindi
Image Source : AP शाहीन अफरीदी और बाबर आजम

आईसीसी रैंकिंग एक बार फिर से अपडेट कर दी गई है। खास बात ये है कि काफी समय बाद वनडे मैच हुआ है, इसलिए यहां भी टीमों की रैंकिंग तो नहीं बदली है, लेकिन रेटिंग में उतार चढ़ाव जरूर हुए हैं। इस बीच अभी ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम पाकिस्तान के दौरे पर है, जहां तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का पहला मुकाबला पाकिस्तान ने अपने नाम कर लिया है, इससे उसे रैंकिंग में भी फायदा हुआ है। लेकिन ऑस्ट्रेलिया की बी टीम इस वक्त खेल रही है, उसे हराकर पाकिस्तान में एक तरह से जश्न का माहौल बना हुआ है। 

पाकिस्तान की रेटिंग बढ़ी, ऑस्ट्रेलिया की हुई कम

पाकिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज शुरू होने से पहले ऑस्ट्रेलिया की रेटिंग 109 की थी और पाकिस्तान की रेटिंग 98 की थी। ​जिसमें अब बदलाव आ गया है। अब पहला मैच हारने के बाद ऑस्ट्रेलिया की रेटिंग घटकर 107 की रह गई है, वहीं पाकिस्तान की रेटिंग 100 की हो गई है। सीरीज में पाकिस्तान ने बढ़त जरूर बना ली है, लेकिन अभी दो और मैच बाकी हैं। 

ऑस्ट्रेलिया के कई बड़े खिलाड़ी नहीं खेल रहे हैं सीरीज

पाकिस्तान के दौरे पर जो ऑस्ट्रेलियाई टीम गई हुई है, वो बहुत मजबूत नहीं है। पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड इस टीम का हिस्सा नहीं हैं। पहले टीम की कप्तानी मिचेल मार्श के पास थी, लेकिन जब वो चोटिल हो गए तो उनकी जगह जोश इंग्लिश को कमान दी गई। यानी ये ऑस्ट्रेलिया की एक तरह से बी टीम है। कई बड़े खिलाड़ी इसका हिस्सा नहीं हैं। इसलिए पाकिस्तान की जीत का मतलब ये नहीं है कि टीम ने बहुत अच्छा खेल दिखाया। 

ये रहा मैच का हाल

मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में केवल 200 ही रन बनाए। सलामी बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट ने 55 और मैट रेनशॉ ने 61 रन बनाए। बाकी कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। पाकिस्तान ने 42.3 ओवर में ही पांच ​विकेट पर जरूरी लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया। पाकिस्तान के लिए बाबर आजम ने 94 बॉल पर 69 और गाजी गोरी ने 92 बॉल पर 65 रन बनाए। सीरीज का अगला मुकाबला 2 जून को खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया के पास अभी भी बाकी दो मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करने का मौका है। 

यह भी पढ़ें 

IPL Final में प्रिंस को कौन करेगा साइलेंट? RCB के इस गेंदबाज पर होगा जिम्मा, 6 बार कर चुका है आउट

313 रन ठोक नेपाल ने मचाया तहलका, T20I में बन गया नया इतिहास, दुनिया में कोई टीम नहीं कर सकी ऐसा कारनामा

Latest Cricket News