IPL 2026 का फाइनल मैच 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। RCB ने पहले क्वालीफायर मैच में गुजरात को 92 रनों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। GT की बात करें तो उन्होंने दूसरे क्वालीफायर मैच में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। फाइनल मैच में एक बार फिर GT फैंस की नजरें शुभमन गिल पर रहने वाली हैं। अगर RCB को अपना टाइटल डिफेंड करना है तो फाइनल में उन्हें शुभमन गिल को जल्दी आउट करना होगा।
शुभमन गिल ने IPL 2026 में बनाए हैं खूब रन
शुभमन गिल आईपीएल के जारी सीजन में शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। इस सीजन में अब तक 15 मैच में उनके बल्ले से 722 रन आए हैं। ऐसे में गिल को रोकना किसी के लिए भी आसान नहीं होने वाला है। लेकिन आपको बता दें कि RCB के पास एक ऐसा गेंदबाज है, जो GT के कप्तान को कई बार आउट कर चुका है। वो गेंदबाज कोई और नहीं बल्कि भुवनेश्वर कुमार हैं। भुवी के सामने आईपीएल में गिल रन बनाने के लिए संघर्ष करते हुए दिखे हैं। आईपीएल में दोनों का हेड टू हेड रिकॉर्ड कैसा है आइए आपको बताते हैं।
भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ आईपीएल में कैसा है शुभमन गिल का रिकॉर्ड
आईपीएल में शुभमन गिल बनाम भुवनेश्वर कुमार, दोनों के हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो वहां अब तक गिल ने भुवी के खिलाफ 79 गेंदों का सामना किया है और इस दौरान उनके बल्ले से 80 रन आए हैं। भुवी के खिलाफ उनका स्ट्राइक रेट 101.67 का रह है। RCB के इस तेज गेंदबाज ने GT के कप्तान को छह बार आउट किया है। क्वालीफायर-1 मैच में भी भुवी ने गिल को क्लीन बोल्ड किया था। ऐसे में अगर आज के फाइनल में RCB को GT के खिलाफ बढ़त हासिल करनी हो तो उन्हें जल्द से जल्द गिल को पवेलियन भेजना होगा।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुभमन गिल ने बनाए हैं 1300 से अधिक रन
नरेंद्र मोदी स्टेडियम आईपीएल में गुजरात टाइटंस का होमग्राउंड है। इस मैदान पर शुभमन गिल के आंकड़े शानदार हैं। इस मैदान पर वह आईपीएल में 2021 से लेकर 2026 तक 31 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 31 पारियों में 49.07 के औसत से 1374 रन बनाए हैं। वहीं उनका स्ट्राइक रेट 162.98 का रहा है। इस मैदान पर उनके बल्ले से 3 शतक और 7 अर्धशतक आए हैं।
यह भी पढ़ें
IPL 2026 फाइनल पर बारिश का साया, अहमदाबाद में येलो अलर्ट जारी, क्या मौसम करेगा खेल का मजा किरकिरा?