1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2026 फाइनल पर बारिश का साया, अहमदाबाद में येलो अलर्ट जारी, क्या मौसम करेगा खेल का मजा किरकिरा?

IPL 2026 फाइनल पर बारिश का साया, अहमदाबाद में येलो अलर्ट जारी, क्या मौसम करेगा खेल का मजा किरकिरा?

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : May 31, 2026 01:23 pm IST,  Updated : May 31, 2026 02:54 pm IST

IPL 2026 फाइनल से पहले अहमदाबाद में मौसम को लेकर चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग ने शहर और आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे खिताबी मुकाबले को लेकर टेंशन बढ़ गई है।

IPL Final - India TV Hindi
नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद Image Source : PTI

RCB vs GT: IPL 2026 के फाइनल का इंतजार करोड़ों क्रिकेट फैंस कर रहे हैं, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाले इस महामुकाबले से पहले मौसम ने चिंता बढ़ा दी है। अहमदाबाद में फाइनल के दिन मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे बारिश और आंधी-तूफान की आशंका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। रविवार सुबह अहमदाबाद में मौसम साफ और धूप खिली हुई थी, लेकिन स्थानीय मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, तेज हवाएं चल सकती हैं और बादल गरजने के साथ बारिश की संभावना भी बनी हुई है। ऐसे में फाइनल मुकाबले के दौरान मौसम की भूमिका अहम हो सकती है।

भीषण गर्मी के बीच बारिश का खतरा

ESPNCricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से अहमदाबाद भीषण गर्मी की चपेट में है। 30 मई को शहर का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जिसके चलते हीटवेव की चेतावनी भी जारी की गई थी। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 जून को अहमदाबाद और आसपास के इलाकों में बारिश देखने को मिल सकती हैं, लेकिन फाइनल के दौरान बारिश की संभावना से पूरी तरह इनकार भी नहीं किया जा सकता।

रिजर्व डे भी बना चिंता का कारण

IPL नियमों के अनुसार, फाइनल मुकाबले के लिए रिजर्व डे रखा गया है, ताकि खराब मौसम की स्थिति में मैच पूरा कराया जा सके। हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक 1 जून का दिन रविवार यानी 31 मई की तुलना में ज्यादा बारिश वाला हो सकता है। इसके बावजूद आयोजकों की पहली कोशिश यही रहेगी कि मुकाबला रविवार को ही पूरा कराया जाए, चाहे मैच को छोटा ही क्यों न करना पड़े। अगर किसी कारणवश फाइनल दो दिनों में भी पूरा नहीं हो पाता, तो लीग चरण में बेहतर स्थान पर रहने के कारण RCB को विजेता घोषित कर दिया जाएगा।

2023 की यादें अभी भी ताजा

अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम इससे पहले भी बारिश के कारण IPL फाइनल में बाधा देख चुका है। 2023 में गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच फाइनल मुकाबला तेज आंधी और बारिश की वजह से रिजर्व डे तक खिसक गया था। उस दौरान शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी बन गई थी। इससे पहले मौसम की मार क्वालिफायर-2 के बाद देखने को मिली। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स को हराने के बाद गुजरात टाइटंस की अहमदाबाद वापसी भी खराब मौसम की वजह से प्रभावित हुई थी। उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और तूफान के कारण चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ, जिससे GT की चार्टर्ड फ्लाइट में देरी हुई। टीम शनिवार रात करीब 11 बजे अहमदाबाद पहुंच सकी।

यह भी पढ़ें:

29 साल के खिलाड़ी ने बल्ले से मचाया तूफान, 1 ओवर में जड़े 6 छक्के, सिर्फ 35 गेंदों में ठोक दिया विस्फोटक शतक

RCB vs GT फाइनल मैच में हुई बारिश तो कौन बनेगा चैंपियन? जानें क्या कहते हैं IPL के नियम

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल