1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs NZ ODI सीरीज से पहले आई बड़ी खुशखबरी, भारतीय तेज गेंदबाज हुआ फिट, जल्द न्यूजीलैंड होंगे रवाना

IND vs NZ ODI सीरीज से पहले आई बड़ी खुशखबरी, भारतीय तेज गेंदबाज हुआ फिट, जल्द न्यूजीलैंड होंगे रवाना

 Written By: Vanson Soral
 Published : Nov 03, 2026 07:39 pm IST,  Updated : Nov 03, 2026 07:41 pm IST

भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने फिट घोषित कर दिया है। हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने के बाद वह तीनों फॉर्मेट में खेलने के लिए उपलब्ध हैं।

Prasidh Krishna- India TV Hindi
टीम इंडिया Image Source : AFP

न्यूजीलैंड दौरे पर ODI सीरीज में भारतीय टीम को भले ही तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की सेवाएं नहीं मिल पाएंगी, लेकिन आगामी टेस्ट सीरीज के लिए उनकी वापसी का रास्ता साफ हो गया है। बाएं हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे प्रसिद्ध कृष्णा को BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस यानी CoE ने फिट घोषित कर दिया है। वह अब तीनों फॉर्मेट में खेलने के लिए उपलब्ध हैं और जल्द ही न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो सकते हैं।

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रसिद्ध कृष्णा ने बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पिछले दो दिनों तक सिमुलेशन टेस्ट दिए थे। 1 और 2 नवंबर को हुए इन परीक्षणों में सफल रहने के बाद मेडिकल टीम ने उन्हें मैच खेलने की मंजूरी दे दी है। अब वह न्यूजीलैंड में होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम की योजनाओं का हिस्सा बन सकते हैं।

इंडिया ए के लिए खेल सकते हैं मुकाबला

प्रसिद्ध कृष्णा जल्द से जल्द न्यूजीलैंड पहुंचने की कोशिश करेंगे, ताकि भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच होने वाले तीसरे और आखिरी अनौपचारिक टेस्ट मैच में हिस्सा ले सकें। यह चार दिवसीय मुकाबला 7 से 10 नवंबर तक लिंकन में खेला जाएगा। इस मैच में खेलने से उन्हें टेस्ट सीरीज से पहले अपनी मैच फिटनेस परखने का मौका मिल सकता है। हालांकि, उनकी वापसी का पहला लक्ष्य इंडिया ए के इस मुकाबले के लिए उपलब्ध होना है।

ODI सीरीज से पहले चोट ने बिगाड़ा था खेल

30 साल के प्रसिद्ध कृष्णा बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में चोट से जूझ रहे थे, जिसके चलते उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की ODI सीरीज से बाहर होना पड़ा। यह सीरीज 4 नवंबर से ऑकलैंड में शुरू हो रही है। उनकी गैरमौजूदगी भारतीय टीम के लिए झटका जरूर है, लेकिन टेस्ट सीरीज से पहले फिट घोषित होना टीम मैनेजमेंट के लिए राहत की खबर है। प्रसिद्ध पिछले कुछ समय में भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण के अहम विकल्प के तौर पर उभरे हैं।

19 नवंबर से शुरू होगी टेस्ट सीरीज

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है। पहला मुकाबला 19 से 23 नवंबर तक वेलिंगटन में होगा, जबकि दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। प्रसिद्ध कृष्णा की फिटनेस से भारतीय टीम को तेज गेंदबाजी में एक अतिरिक्त ऑप्शन मिल गया है। अब सबकी नजर इस बात पर होगी कि वह इंडिया ए के मुकाबले में मैदान पर उतर पाते हैं या सीधे टेस्ट सीरीज में वापसी करते हैं।

यह भी पढ़ें:

हार्दिक पांड्या की मुंबई से होगी छुट्टी? IPL ऑक्शन से पहले MI और PBKS के बीच चल रही बड़ी ट्रेड डील

शुभमन गिल के निशाने पर बड़ा रिकॉर्ड, न्यूजीलैंड में 105 रन बनाते ही रचेंगे इतिहास

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।