1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2027 से पहले SRH में बड़े बदलाव की तैयारी, लियाम लिविंगस्टोन को लेकर CSK दे सकती है बड़ा ऑफर

IPL 2027 से पहले SRH में बड़े बदलाव की तैयारी, लियाम लिविंगस्टोन को लेकर CSK दे सकती है बड़ा ऑफर

 Written By: Vanson Soral
 Published : Nov 03, 2026 08:32 pm IST,  Updated : Nov 03, 2026 08:32 pm IST

IPL 2027 से पहले इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन के ट्रेड की चर्चा तेज हो गई है। लियाम को चेन्नई सुपर किंग्स ऑक्शन से पहले अपनी टीम में शामिल करने की कोशिश कर रही है।

Liam Livingstone- India TV Hindi
लियाम लिविंगस्टोन Image Source : AFP

IPL 2027 के ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजियों के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली का बाजार गर्म होने लगा है। हार्दिक पांड्या के संभावित ट्रेड को लेकर जारी चर्चाओं के बीच अब इंग्लैंड के विस्फोटक ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन का नाम भी सामने आया है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) इस इंग्लिश खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल करना चाहती है और इसके लिए सनराइजर्स हैदराबाद यानी SRH के साथ बातचीत कर रही है। हालांकि, हैदराबाद की टीम अभी इस प्रस्ताव पर किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, चेन्नई सुपर किंग्स लिविंगस्टोन को ट्रेड करने की संभावनाएं तलाश रही है। हैदराबाद ने पिछले ऑक्शन में इस ऑलराउंडर को 13 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत पर खरीदा था। हालांकि, उनके पिछले सीजन के प्रदर्शन को देखते हुए अब फ्रेंचाइजी उनके भविष्य पर विचार कर रही है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि उत्तर भारत की एक अन्य फ्रेंचाइजी ने भी लिविंगस्टोन में दिलचस्पी दिखाई है, लेकिन फिलहाल बातचीत शुरुआती दौर में है।

पिछले सीजन में बुरी तरह फ्लॉप रहे थे लिविंगस्टोन

33 साल के लियाम लिविंगस्टोन के लिए पिछला IPL सीजन बेहद निराशाजनक रहा था। वह सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से सिर्फ दो मुकाबले खेल पाए और उनके बल्ले से महज 15 रन निकले। इसके बाद उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। यहां तक कि इम्पैक्ट प्लेयर के विकल्प के तौर पर भी उन्हें मौका मिलना बंद हो गया था।

हैदराबाद ने उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से रिलीज किए जाने के बाद अपनी टीम में शामिल किया था। इससे पहले आरसीबी ने मेगा ऑक्शन में लिविंगस्टोन को 8.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि, वह इस भरोसे पर खरे नहीं उतर सके और अब उनके टीम बदलने की संभावना जताई जा रही है।

खलील अहमद का नाम भी चर्चा में

इस संभावित ट्रेड में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से किन खिलाड़ियों को हैदराबाद के सामने पेश किया जाएगा, इसकी तस्वीर अभी साफ नहीं है। कुछ सूत्रों के हवाले से तेज गेंदबाज खलील अहमद का नाम भी सामने आया है। हालांकि, इस जानकारी की पुष्टि नहीं हुई है। इसकी एक वजह यह भी है कि सनराइजर्स हैदराबाद ने हाल ही में बाएं हाथ के अनुभवी तेज गेंदबाज टी नटराजन को अपने साथ जोड़ा है। ऐसे में खलील अहमद को ट्रेड में शामिल करने की खबर को लेकर भी संशय बना हुआ है।

17 नवंबर तक तय होगी तस्वीर

रिपोर्ट के मुताबिक, इस बातचीत में खलील के अलावा चेन्नई के एक अन्य खिलाड़ी का नाम भी शामिल है। सूत्रों ने बताया कि ट्रेड को लेकर कई फ्रेंचाइजी और कई खिलाड़ियों के बीच चर्चा चल रही है। अभी किसी भी सौदे को अंतिम रूप नहीं दिया गया है और यह डील हो भी सकती है या नहीं भी। IPL फ्रेंचाइजियों के लिए खिलाड़ियों को रिटेन करने की आखिरी तारीख 17 नवंबर है। ऐसे में आने वाले दिनों में ट्रेड को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें:

हार्दिक पांड्या की मुंबई से होगी छुट्टी? IPL ऑक्शन से पहले MI और PBKS के बीच चल रही बड़ी ट्रेड डील

शुभमन गिल के निशाने पर बड़ा रिकॉर्ड, न्यूजीलैंड में 105 रन बनाते ही रचेंगे इतिहास

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।