ICC Rankings: पाकिस्तानी गेंदबाज को फिर मिला नंबर-1 का ताज, भारतीय पेसर ने भी लगाई छलांग
ICC ने ताजा रैंकिंग जारी कर दी। ICC की ताजा T20I रैंकिंग उठापटक देखने को मिली है। पाकिस्तान की स्टार गेंदबाज ने नंबर-1 पर फिर से कब्जा कर लिया है।
ICC Rankings: ICC की ओर से ताजा रैंकिंग जारी कर दी गई है, जिसमें बड़ा बदलाव देखने को मिला है। ICC T20I रैंकिंग नंबर-1 की कुर्सी बदल गई और पाकिस्तान की स्टार स्पिनर ने धमाकेदार अंदाज में नंबर-1 का ताज वापस हासिल कर लिया है। शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने दुनिया की दिग्गज गेंदबाजों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया है।
दरअसल, पाकिस्तान की स्टार स्पिनर सादिया इकबाल ने ICC रैंकिंग में 2 पायदान की छलांग लगाते हुए फिर से नंबर-1 T20I महिला गेंदबाज बन गई हैं। सादिया ने ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज एनाबेल सदरलैंड और भारत की स्टार स्पिनर दीप्ति शर्मा को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष पायदान पर वापसी की। यह उपलब्धि उन्हें हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद मिली।
ICC रैंकिंग में पाकिस्तानी खिलाड़ी का जलवा
सादिया ने सीरीज में पांच विकेट झटके और संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं। बेनोनी में खेले गए आखिरी मुकाबले में उनका 3/18 का बेहतरीन स्पेल निर्णायक साबित हुआ, जिसने उन्हें दो स्थान ऊपर पहुंचाकर फिर से नंबर-1 गेंदबाज बना दिया। सादिया इससे पहले 2024 के अंत में भी T20I गेंदबाज़ों की नंबर-1 रैंकिंग पर काबिज रही थीं। हालांकि पिछले महीने सदरलैंड ने उनसे यह सिंहासन छीन लिया था, लेकिन अब सादिया ने दोबारा शिखर पर कब्जा जमा लिया है।
ICC रैंकिंग में पाकिस्तान के लिए एक और खुशखबरी आई है। टीम की अनुभवी कप्तान फातिमा सना ऑलराउंडरों की T20I रैंकिंग में पांच स्थान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर पहुंच गई हैं। वहीं, बल्लेबाजों की T20I रैंकिंग में 31 स्थान की लंबी छलांग लगाकर संयुक्त रूप से 28वां स्थान हासिल कर लिया है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के निर्णायक मुकाबले में फातिमा ने 30 गेंदों पर नाबाद 47 रन की पारी खेली और साथ ही दो अहम विकेट भी लिए, जिसके दम पर पाकिस्तान ने जीत दर्ज की।
भारतीय गेंदबाज की टॉप-5 में एंट्री
ICC रैंकिंग भारतीय गेंदबाज ने भी जबरदस्त छलांग लगाई है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खेले गए पहले T20I मुकाबले के बाद रेणुका सिंह ठाकुर ने लंबी छलांग लगाते हुए टॉप-5 में जगह बना ली है। रेणुका 6 पायदान ऊपर चढ़कर महिला T20I गेंदबाजों की रैंकिंग में पांचवें नंबर पर पहुंच गई हैं। महिला T20I क्रिकेट में रैंकिंग की यह उठापटक आने वाले मुकाबलों को और भी रोमांचक बनाने वाली है।
यह भी पढ़ें:
इंग्लिश क्रिकेटर ने 29 साल की उम्र में रिटायरमेंट का किया ऐलान, क्रिकेट जगत हैरान
