1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. आईसीसी रैंकिंग में ईशान किशन को फायदा, जैकब ​बैथल की लंबी छलांग, सूर्या टॉप 10 से बाहर

आईसीसी रैंकिंग में ईशान किशन को फायदा, जैकब ​बैथल की लंबी छलांग, सूर्या टॉप 10 से बाहर

आईसीसी की ओर से टी20 की नई रैंकिंग जारी कर दी गई है। इसमें भारत के ईशान किशन पहले नंबर पर बने हुए हैं। इस बीच जहां एक ओर जैकब बैथल ने लंबी छलांग लगाते हुए टॉप 10 में अपनी जगह पक्की कर ली है, वहीं सूर्यकुमार यादव इससे बाहर हो गए हैं।

ishan kishan- India TV Hindi
Image Source : AP ईशान किशन

आईसीसी रैंकिंग अपडेट कर दी गई है। इस बार बहुत ज्यादा उलटफेर और बदलाव तो नहीं हुआ है, लेकिन इतना जरूर है कि भारत के ईशान किशन को हल्का सा फायदा रेटिंग में हुआ है। इस बीच इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज जैकब बैथल ने लंबी छलांग लगाते हुए टॉप 10 में एंट्री मार दी है, वहीं भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव इससे बाहर हो गए हैं। आने वाले दिनों में इसमें और भी बड़े बदलाव दिखाई दे सकते हैं। 

ईशान किशन आईसीसी रैंकिंग में पहले नंबर पर बरकरार

भारत बनाम इंग्लैंड टी20 सीरीज के बीच आईसीसी की ओर से नई टी20 रैंकिंग जारी कर दी है। भारत के स्टार बल्लेबाज ईशान किशन पहले नंबर की कुर्सी पर बने हुए हैं। उनकी रेटिंग बढ़कर अब 897 की हो गई है। एक जुलाई को ईशान की रेटिंग 876 की थी, जो अब ज्यादा हो गई है। हालांकि इससे कुछ ही दिन पहले तक उनकी रेटिंग 904 तक जा पहुंची थी, उससे रेटिंग कम हुई है। 

ईशान और अभिषेक के बीच रेटिंग का काफी कम अंतर

इस बीच भारत के ही दो बल्लेबाज पहले और दूसरे नंबर पर नजर आ रहे हैं। ईशान किशन तो पहले नंबर पर हैं ही, साथ ही अभिषेक शर्मा उनका पीछा कर रहे हैं। अभिषेक शर्मा की मौजूदा रैंकिंग 881 की है। यानी इन दोनों टॉप बल्लेबाजों के बीच काफी कम अंतर है। इस बीच बड़ी बात ये है कि इंग्लैंड के जैकब बैथल आठवें नंबर पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग अब 708 की हो चुकी है। उन्हें एक साथ सात स्थानों का फायदा मिला है। 

सूर्यकुमार यादव टॉप 10 से बाहर

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं, इसका असर उनकी रेटिंग पर भी देखने के लिए मिल रहा है। सूर्या अब टॉप 10 से बाहर होकर सीधे 13वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्हें पांच स्थानों का नुकसान हुआ है। उनकी रेटिंग 687 की नजर आ रही है। 

भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज के दो मैच बाकी

भारत और इंग्लैंड के बीच इस वक्त टी20 सीरीज खेली जा रही है। अभी दो और मैच बाकी हैं। सीरीज का चौथा मैच 9 जुलाई को खेला जाएगा, वहीं आखिरी मैच 11 जुलाई को है। यानी अगले सप्ताह जब रैंकिंग फिर से अपडेट होगी तब इन दो मैचों में किया गया खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी जोड़ा जाएगा। इसके बाद ​फिर से इसमें बदलाव आएगा। देखना होगा कि सीरीज खत्म होने के बाद भारतीय खिलाड़ी कहां पर नजर आते हैं। 

यह भी पढ़ें 

वैभव सूर्यवंशी से इंग्लैंड में क्यों नहीं बन रहे हैं रन, आखिर कहां गायब हो गया ता​बड़तोड़ फॉर्म!

सीरीज जीत का टीम इंडिया का सपना चकनाचूर, अब तो सूपड़ा साफ होने का भी खतरा गहराया

Latest Cricket News