श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया अपनी पहली जीत के लिए तरस रही है, लेकिन हर बार टीम का प्रदर्शन बद से बदतर होता चला जा रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही सीरीज के तीसरे मैच में भी भारतीय टीम बुरी तरह से हार गई। इसके साथ ही इंग्लैंड ने 2.0 की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है। इस हार के साथ ही श्रेयस के माथे पर ऐसा कलंक लग गया है, जो इससे पहले टी20 क्रिकेट के इतिहास में टीम इंडिया के साथ कभी नहीं हुआ।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया की हालत बहुत खराब
भारतीय क्रिकेट टीम इस वक्त श्रेयस अय्यर की कप्तानी में ऐसे भंवर में फंस चुकी है, जहां से उसे समझ नहीं आ रहा है कि जीत आखिर मिलेगी कैसे। तीसरे मैच से पहले जो दो मुकाबले हुए, उसमें टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी की और करीब 190 रन का स्कोर खड़ा किया। पहला मैच तो खैर धुल गया, लेकिन दूसरे मैच को इंग्लैंड ने आसानी से अपने नाम कर लिया था। अब तीसरे मैच में जब भारत ने पहले बैटिंग चुनी तो इंग्लैंड ने 200 से ज्यादा का स्कोर बना दिया। इसके बाद जब भारतीय टीम की बारी आई तो पूरी टीम केवल 76 रन ही बना सकी और 11.4 ओवर में ही पूरी टीम आउट होकर पवेलियन लौट गई।
पिछले पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों में से एक भी मुकाबला जीत नहीं पाई है टीम इंडिया
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में इससे पहले टीम इंडिया के साथ कभी ऐसा नहीं हुआ कि लगातार पांच मैचों में एक भी जीत नसीब ना हुई हो। साल 2009 में जब नया नया टी20 क्रिकेट आया था, तब भारतीय टीम चार मैचों में से चार मैच हार गई थी, लेकिन इसके बाद अगले मैच में उसे जीत मिल गई थी। साल 2021 में फिर ऐसा ही हुआ। चार के चार मैच टीम इंडिया हारी, लेकिन उसके बाद वहां भी जीत मिली। अब की बात की जाए तो टीम इंडिया पिछले पांच टी20 मैचों से विनलैस है, यानी एक भी मैच में जीत नहीं मिली है। हालांकि ये सभी पांच मैच हारे नहीं गए हैं।
आयरलैंड सीरीज से शुरू हुआ हार का सिलसिला नहीं हो रहा खत्म
इस हार के सिलसिले का आगाज आयरलैंड के खिलाफ सीरीज से हुआ था। टीम इंडिया श्रेयस अय्यर की कप्तानी में आयरलैंड के दौरे पर पहुंची, उम्मीद की जा रही थी कि कम से कम इस सीरीज को भारतीय टीम जीत जाएगी, लेकिन पहले ही मैच में उसे मुंह की खानी पड़ी। उस वक्त ऐसा लगा कि आयरलैंड ने इस मैच को तुक्के में जीत लिया है। शायद टीम इंडिया ने मैच को हल्के में लिया और इसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ा। दूसरे मैच में टीम पूरी सावधानी से मैदान में उतरी, लेकिन रिजल्ट वही हुआ, जिसकी उम्मीद नहीं थी। टीम इंडिया लगातार दो मैच हारकर सीरीज से हाथ धो चुकी थी। इसके बाद जब इंग्लैंड सीरीज का आगाज हुआ तो पहला मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया। इसके बाद दूसरे और तीसरे मैच में यहां भी बैक टू बैक हार मिली है। कुल मिलाकर अब श्रेयस अय्यर की कप्तानी और टीम इंडिया के थिंक टैंक की रणनीति पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।
यह भी पढ़ें