T20 World Cup 2026 के शुरू होने से पहले पाकिस्तान की नौटंकी कम होने का नाम नहीं ले रही है। इस वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को 15 फरवरी को भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच खेलना है। लेकिन पाकिस्तान ने फैसला किया है कि वह इस मैच का बॉयकॉट करेंगे। अब इस पूरे मामले पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की तरफ से पहला रिएक्शन सामने आया है। ICC ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से अपने इस फैसले पर फिर से विचार करने और आपस में मिलकर कोई हल निकालने की अपील की है।
पीसीबी की तरफ से आधिकारिक फैसले का इंतजार कर रहा है ICC
ICC ने कहा है कि वह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से आधिकारिक और लिखित सूचना की प्रतीक्षा कर रही है, लेकिन इस तरह का फैसला वैश्विक खेल आयोजन की मूल भावना के खिलाफ है। ICC ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि किसी भी वर्ल्ड कप जैसे इंटरनेशनल टूर्नामेंट में सभी क्वालfफाई टीमें तय कार्यक्रम के अनुसार बराबरी की शर्तों पर मुकाबला करती हैं। किसी एक टीम द्वारा चुनिंदा मैच खेलने का निर्णय इस टूर्नामेंट की निष्पक्षता, निरंतरता और खेल भावना को सीधे तौर पर नुकसान पहुंचाता है।
ICC ने इस पूरे मामले पर क्या कहा?
इसके साथ ही ICC ने ये भी साफ कर दिया है कि ऐसे टूर्नामेंट स्पोर्टिंग ईमानदारी, कॉम्पिटिशन, निरंतरता और निष्पक्षता पर आधारित होते हैं। हालांकि ICC ने यह भी दोहराया कि वह राष्ट्रीय नीतिगत मामलों में सरकारों की भूमिका का सम्मान करती है, लेकिन यह फैसला वैश्विक क्रिकेट, टूर्नामेंट की साख और दुनियाभर के करोड़ों फैंस, खासकर पाकिस्तान के क्रिकेट प्रेमियों के हित में नहीं है। इस वजह से उन्हें अपने फैसले पर फिर से विचार करना चाहिए।
पाकिस्तान क्रिकेट को ICC ने दी चेतावनी
ICC ने उम्मीद जताई कि PCB इस फैसले के गंभीर परिणामों को ध्यान में रखते हुए फिर से इस पर गंभीरता से विचार करेगा। उन्होंने पाकिस्तान बोर्ड से चेतावनी भरे लहजे में कहा कि इसका असर ना केवल पाकिस्तान क्रिकेट पर पड़ेगा, बल्कि पूरे वैश्विक क्रिकेट इकोसिस्टम पर भी पड़ेगा, जिसका PCB खुद हिस्सा है और जिससे वह लाभ भी उठाता है। बोर्ड ने PCB से अपील की है कि वह सभी हितधारकों के हितों को ध्यान में रखते हुए किसी आपसी सहमति के साथ इसका कोई समाधान निकाले। ICC के इस बयान के बाद पीसीबी इस पर क्या फैसला लेता है ये देखना दिलचस्प होगा।
यह भी पढ़ें
T20 WC: पाकिस्तान को भारी पड़ेगा अड़ियल रवैया, मैच बॉयकॉट करने से भारत को होगा ये फायदा
बड़ी खबर, T20 WC 2026 में खेलेगा पाकिस्तान, लेकिन भारत के खिलाफ मैच में नहीं लेगा हिस्सा
Latest Cricket News