A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 World Cup 2026 के लिए टीम इंडिया का ऐलान, जानें किन खिलाड़ियों को मिला मौका

T20 World Cup 2026 के लिए टीम इंडिया का ऐलान, जानें किन खिलाड़ियों को मिला मौका

ICC Women's T20 World Cup 2026: T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। BCCI ने इस बार भी हरमनप्रीत कौर को टीम की कप्तानी सौंपी है।

T20 World Cup 2026 - India TV Hindi
Image Source : AFP भारतीय महिला क्रिकेट टीम

ICC Women's T20 World Cup 2026: ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 का अगले महीने से आगाज होना है, जिसके लिए हाल ही में मेजबान इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ने अपनी टीमों की घोषणा की। इस बीच टूर्नामेंट के लिए तीसरी टीम का ऐलान हो गया है। ये टीम है भारतीय क्रिकेट टीम। दरअसल, BCCI ने T20 वर्ल्ड कप के लिए 2 मई को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया है। भारतीय टीम ने पिछले साल पहली बार ODI वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था। अब टीम इंडिया की नजरें अपना पहला T20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने पर लगी हैं।

मुंबई स्थित BCCI हेडक्वार्टर में हुई सिलेक्शन कमेटी की मीटिंग में टूर्नामेंट के लिए 15 भारतीय खिलाड़ियों का चयन किया गया। पिछली बार की तरह इस बार भी हरमनप्रीत कौर को टीम की कमान सौंपी गई है। स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है। बैटिंग लाइनअप में कप्तान को मंधाना के अलावा शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और ऋचा घोष जैसे अहम खिलाड़ियों का साथ मिलेगा, जबकि गेंदबाजी की  जिम्मेदारी दीप्ति शर्मा और रेणुका सिंह के कंधों पर होगी।

नंदनी शर्मा को पहली बार टीम में जगह मिली है। चंडीगढ़ की 24 साल की तेज गेंदबाज नंदनी वूमेन्स प्रीमियर लीग के अपने पहले ही सीजन में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी रहीं। उन्होंने WPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए 17 विकेट लिए थे। टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया और ऑलराउंडर राधा यादव की भी वापसी हुई है, जबकि अनुष्का शर्मा, उमा छेत्री और काशवी गौतम को टीम से बाहर रखा गया है। यही टीम T20 वर्ल्ड कप से पहले होने वाली तीन मैचों की T20I सीरीज में भी खेलेगी। वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम इंग्लैंड रवाना होने से पहले एक ट्रेनिंग कैंप के लिए इकट्ठा होगी, जहां उन्हें तीन मैचों की T20I सीरीज और एक टेस्ट मैच खेलना है। एकमात्र टेस्ट मैच का लॉर्ड्स में आयोजन होगा, जिसके लिए भी टीम की घोषणा कर दी गई है।

12 टीमें करेंगी शिरकत

ICC  वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 12 जून को होगा और फाइनल मुकाबला 5 जुलाई को खेला जाएगा। टूर्नामेंट का आयोजन इंग्लैंड एंड वेल्स में होगा, जिसमें कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें 2 ग्रुप में बांटा गया है। भारतीय टीम को ग्रुप-ए में ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड के साथ रखा गया है।

टीम इंडिया 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी। इसके बाद टीम इंडिया अपने दूसरे मुकाबले में नीदरलैंड का सामना करेगी। तीसरे मैच में टीम इंडिया की साउथ अफ्रीका से टक्कर होगी। वहीं, चौथे मैच में भारतीय टीम बांग्लादेश से लोहा लेती नजर आएगी। अपने आखिरी ग्रुप स्टेज मैच में भारत का मुकाबला मजबूत ऑस्ट्रेलिया से होगा। 

T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का शेड्यूल

  • 14 जून 2026: भारत बनाम पाकिस्तान, बर्मिंघम
  • 17 जून 2026: भारत बनाम नीदरलैंड, लीड्स
  • 21 जून 2026: भारत बनाम साउथ अफ्रीका, मैनचेस्टर
  • 25 जून 2026: भारत बनाम बांग्लादेश, मैनचेस्टर 
  • 28 जून 2026: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, लंदन (लॉर्ड्स)

ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय महिला टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल, भारती फुलमाली, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदनी शर्मा और राधा यादव।

लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, प्रतिका रावल, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदिनी शर्मा, हरलीन देयोल, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, सयाली सतघरे, स्नेह राणा।

यह भी पढ़ें

VIDEO: वैभव सूर्यवंशी को बोल्ड करते ही 6 फुट 8 इंच लंबे गेंदबाज का रिएक्शन हुआ वायरल, जश्न के तरीके ने सभी को चौंकाया

'मुझे नहीं लगता कि मैं पहले कभी किसी 15 साल के बच्चे से इतना डरा हूं'; वैभव सूर्यवंशी के खौफ को इस गेंदबाज ने कबूला

Latest Cricket News