A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. क्रिकेट वर्ल्ड कप से आखिर कैसे लौटेंगे खिलाड़ी? ईरान पर हमले के बाद ICC की बढ़ी टेंशन

क्रिकेट वर्ल्ड कप से आखिर कैसे लौटेंगे खिलाड़ी? ईरान पर हमले के बाद ICC की बढ़ी टेंशन

ईरान पर हुए हमले के बीच कई देशों की ओर से जाने वाले विमानों का यातायात प्रभावित हुआ है। इस बीच आईसीसी के लिए वर्ल्ड कप से लौटने वाले खिलाड़ियों के लिए टेंशन बढ़ गई है। आईसीसी इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रहा है।

वर्ल्ड कप से लौटने वाले खिलाड़ियों के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था कर रहा आईसीसी।- India TV Hindi
Image Source : X/JAYSHAH/PEXELS वर्ल्ड कप से लौटने वाले खिलाड़ियों के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था कर रहा आईसीसी।

आईसीसी ईरान पर अमेरिका के हमले के मद्देनजर टी20 विश्व कप से लौट रहे खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए वैकल्पिक उड़ान योजनाओं पर काम कर रही है। आईसीसी ने शनिवार को एक बयान में कहा, ''अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) पश्चिम एशिया में उत्पन्न हो रही स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है और भारत और श्रीलंका में चल रहे आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 से जुड़े सभी हितधारकों की यात्रा, लॉजिस्टिक और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक आपातकालीन योजनाओं को लागू कर दिया गया है।'' 

विमान कंपनियों ने बंद की उड़ानें

बता दें कि अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमले से पूरे पश्चिम एशिया सहित दुनिया के अन्य हिस्सों में हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और इजराइल ने शनिवार को अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया। UAE की एमिरेट्स और एतिहाद लंबी दूरी की उड़ानें संचालित करती हैं। 'कतर एयरवेज ग्रुप' ने कहा कि कतर का हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण उसने दोहा से आने-जाने वाली उड़ानें अस्थायी रूप से रद्द कर दी हैं। इजराइल जा रहे विमानों को अन्य हवाई अड्डों पर उतरने का निर्देश दिया गया और बेन गुरियन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को वापस भेज दिया गया। 

कई देशों में हवाई क्षेत्र प्रतिबंधित

एमिरेट्स ने कहा कि UAE के हवाई क्षेत्र के बंद होने से उसकी कई उड़ानें प्रभावित हुईं और यात्रियों से ऑनलाइन अपनी उड़ान की स्थिति जांचने का आग्रह किया। यह विमानन कंपनी दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संचालित होती है, जो अंतरराष्ट्रीय यात्रा का सबसे व्यस्त केंद्र है। नीदरलैंड की विमानन कंपनी केएलएम ने सप्ताह की शुरुआत में ही घोषणा कर दी थी कि वह रविवार से तेल अवीव आने-जाने वाली उड़ानों को निलंबित कर रही है। वर्जिन अटलांटिक ने लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से दुबई जाने वाली अपनी उड़ान रद्द कर दी और कहा कि वह इराक के ऊपर से उड़ान भरने से बचेगी, जिसका अभिप्राय है कि भारत, मालदीव, दुबई और रियाद से आने-जाने वाली उड़ानों में थोड़ा अधिक समय लग सकता है। विमानन कंपनी पहले से ही ईरान के ऊपर से उड़ान नहीं भर रही थी। 

रद्द की जा रही उड़ानें

वर्जिन अटलांटिक ने कहा कि सभी उड़ानों में पर्याप्त ईंधन होगा ताकि जरूरत पड़ने पर आक्समिक मार्ग परिवर्तन किया जा सके। टर्किश विमानन कंपनी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि लेबनान, सीरिया, इराक, ईरान और जॉर्डन के लिए उड़ानें सोमवार तक निलंबित रहेंगी और कतर, कुवैत, बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात और ओमान के लिए उड़ानें शनिवार को निलंबित रहेंगी। विमानन कंपनी ने कहा कि अतिरिक्त उड़ानें रद्द करने की घोषणा की जा सकती है।

यह भी पढ़ें-

दुबई में हमले के बीच खाली कराया गया बुर्ज खलीफा, UAE ने हमले नाकाम करने का किया दावा

Latest Cricket News