भारतीय ए टीम और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा 2 मैचों की अनऑफिशियल टेस्ट मैच की सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने 412 रनों के टारगेट का पीछा करने के साथ इस सीरीज को भी 1-0 से अपने नाम कर लिया है। भारतीय-ए टीम की जीत में केएल राहुल और साई सुदर्शन ने अहम भूमिका निभाई जिसमें दोनों ही बल्लेबाज शतकीय पारी खेलने में कामयाब रहे। वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी 2 मैचों की टेस्ट सीरीज को देखते हुए केएल राहुल और साई सुदर्शन का ये प्रदर्शन सीनियर टीम के लिए काफी राहत भरा जरूर रहेगा।
राहुल ने खेली 176 रनों की नाबाद पारी
ऑस्ट्रेलिया-ए टीम की दूसरी पारी को जब भारतीय-ए टीम ने तीसरे दिन के खेल में 185 रनों के स्कोर पर समेटा था, तो उसके बाद उन्हें चौथी पारी में कुल 412 रनों का टारगेट मिला। टीम इंडिया की तरफ से चेज में केएल राहुल और साई सुदर्शन ने अहम भूमिका अदा की जिसमें राहुल जो तीसरे दिन के खेल में रिटायर हर्ट होकर पवेलियन लौट गए थे, वह चौथे दिन के खेल में वापस बल्लेबाजी करने उतरे और अंत तक नाबाद रहने के साथ 176 रनों की मैच विनिंग पारी खेली। राहुल के अलावा साई सुदर्शन के बल्ले से भी शतकीय पारी देखने को मिली जिसमें वह 100 रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा कप्तान ध्रुव जुरेल ने 56 रनों की पारी खेली। भारतीय-ए टीम इस मुकाबले में अपनी पहली पारी में 194 रन ही बनाने में कामयाब हो सकी थी, जिससे ऑस्ट्रेलिया-ए टीम जिन्होंने अपनी पहली पारी में 420 रन बनाए थे वह बड़ी बढ़त हासिल करने में कामयाब रहे थे।
मानव सुथार ने गेंद से निभाई अहम भूमिका
लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट मैच में भारतीय-ए टीम की तरफ से गेंदबाजी में स्पिनर मानव सुथार ने सबसे ज्यादा 8 विकेट हासिल किए। वहीं मोहम्मद सिराज जो इस मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 का हिस्सा थे उन्होंने कुल तीन विकेट हासिल किए। अब दोनों टीमों के बीच में 30 सितंबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी, जिसमें भारतीय-ए टीम की कप्तानी का जिम्मा श्रेयस अय्यर संभालते हुए दिखाई देंगे। इस वनडे सीरीज के तीनों मुकाबले कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जाएंगे।
ये भी पढ़ें
IND vs WI: टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले लगा बड़ा झटका, मैच विनर खिलाड़ी स्क्वाड से हुआ बाहर
IND vs SL: श्रीलंकाई बल्लेबाज रचेगा इतिहास? कुसल परेरा को पछाड़ पहनेगा नंबर-1 का ताज
Latest Cricket News