1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कार्डिफ में बल्लेबाज या गेंदबाज किसका दिखेगा कमाल, टारगेट का पीछा करने वाली टीम का रहा है यहां पलड़ा भारी

कार्डिफ में बल्लेबाज या गेंदबाज किसका दिखेगा कमाल, टारगेट का पीछा करने वाली टीम का रहा है यहां पलड़ा भारी

भारत और इंग्लैंड के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला कार्डिफ के सोफिया गार्डेन्स स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया की नजरें इस मुकाबले को भी जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त लेने पर रहने वाली है।

Cardiff Sophia Gardens- India TV Hindi
Image Source : AFP सोफिया गार्डेन्स स्टेडियम।

भारत और इंग्लैंड की टीम के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज टीम इंडिया ने 6 विकेट से शानदार जीत के साथ किया था। अब दोनों टीमों के बीच में इस सीरीज का दूसरा मुकाबला 16 जुलाई को कार्डिफ के सोफिया गार्डेन्स स्टेडियम में खेला जाएगा जिसमें टीम इंडिया की नजरें इस मैच को भी जीतकर सीरीज में 2-0 अजेय बढ़त लेने पर रहने वाली है। ऐसे में कार्डिफ स्टेडियम की पिच को लेकर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं जिसमें अब तक टारगेट का पीछा करने वाली टीम का पलड़ा भारी दिखा है। ऐसे में टॉस की भूमिका काफी अहम रहने वाली है, जिसमें इसे जीतने वाली टीम पिछले रिकॉर्ड को ध्यान में रखते हुए पहले गेंदबाजी करने का फैसला ले सकती है।

कार्डिफ में अब तक खेल जा चुके हैं 31 वनडे मुकाबले

वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला कार्डिफ के सोफिया गार्डेन्स स्टेडियम में खेला जाएगा। यहां पर अब तक 31 वनडे मैच खेले जा चुके हैं जिसमें से सिर्फ 8 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीत हासिल करने में कामयाब रही है, जबकि 19 बार टारगेट का पीछा करने वाली टीम ने जीत हासिल की है, वहीं एक मुकाबला टाई रहा तो 3 रद्द रहे हैं। कार्डिफ में पिछले एक दशक में खेले गए वनडे मैचों के परिणाम को देखा जाए तो वह भी कुछ इसी तरह का देखने को मिलता है जिसमें 12 मैचों में से 8 बार टारगेट का पीछा करने वाली टीम जीतने में कामयाब रही है। वहीं मेजबान इंग्लैंड की टीम ने इस स्टेडियम में अब तक 18 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें से 10 को उन्होंने अपने नाम किया तो वहीं 4 में उनको हार का सामना करना पड़ा है जबकि चार मुकाबले रद्द रहे हैं। इस स्टेडियम में पहली पारी के औसत स्कोर को लेकर बात की जाए तो वह 220 से 230 रनों के बीच का देखने को मिलता है।

टीम इंडिया ने यहां तीन वनडे मैचों में हासिल की है जीत

भारतीय टीम का कार्डिफ के सोफिया गार्डेन्स स्टेडियम में रिकॉर्ड देखा जाए तो उन्होंने यहां पर अब तक 5 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें से एक मुकाबला रद्द रहा तो वहीं एक में उनको हार का सामना करना पड़ा जबकि तीन मैचों को जीतने में कामयाब रही है। भारतीय टीम ने पिछली बार इस स्टेडियम में साल 2014 में वनडे मुकाबला खेला था जो मेजबान इंग्लैंड की टीम के खिलाफ था। इस मैच को टीम इंडिया ने एकतरफा 133 रनों से अपने नाम किया था।

ये भी पढ़ें

क्या शुभमन गिल खेल पाएंगे अगला मुकाबला? चोट के कारण बीच में ही छोड़ गए थे मैदान

ICC का बड़ा फैसला, T20 वर्ल्ड कप 2028 का फॉर्मेट बदला, सेमीफाइनल से पहले होंगे 2 एलिमिनेटर मुकाबले

Latest Cricket News