1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC का बड़ा फैसला, T20 वर्ल्ड कप 2028 का फॉर्मेट बदला, सेमीफाइनल से पहले होंगे 2 एलिमिनेटर मुकाबले

ICC का बड़ा फैसला, T20 वर्ल्ड कप 2028 का फॉर्मेट बदला, सेमीफाइनल से पहले होंगे 2 एलिमिनेटर मुकाबले

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 15, 2026 05:25 pm IST,  Updated : Jul 15, 2026 05:25 pm IST

ICC ने T20 वर्ल्ड कप 2028 को लेकर बड़ा ऐलान किया है। ICC ने टूर्नामेंट के फॉर्मेट में बदलाव करते हुए सेमीफाइनल से पहले 2 अतिरिक्त एलिमिनेटर मुकाबले खेले जाएंगे।

ICC T20 World Cup- India TV Hindi
T20 वर्ल्ड कप Image Source : AFP

ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2028 पहले से कहीं ज्यादा चुनौतीपूर्ण और रोमांचक होने जा रहा है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC ने टूर्नामेंट के फॉर्मेट में बड़ा बदलाव करते हुए सेमीफाइनल से पहले दो अतिरिक्त एलिमिनेटर मुकाबले जोड़ने का फैसला किया है। इसका मतलब यह है कि अब अंतिम चार में जगह बनाना पहले की तुलना में अधिक कठिन होगा और हर मैच का महत्व बढ़ जाएगा।

ICC ने एडिनबर्ग में हुई अपनी वार्षिक बैठक के बाद नए फॉर्मेट की घोषणा की। अक्टूबर-नवंबर 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में पहले की तरह 20 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 55 मैच खेले जाएंगे। हालांकि, मैचों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन पूरे टूर्नामेंट के स्ट्रक्चर को नया रूप दिया गया है।

चार की बजाय पांच ग्रुप

नए फॉर्मेट के तहत पहले स्टेज में अब 4 की बजाय 5 ग्रुप होंगे और प्रत्येक ग्रुप में 4-4 टीमें रहेंगी। पहले टूर्नामेंट में 5-5 टीमों के चार ग्रुप बनाए जाते थे। हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें अगले दौर में पहुंचेंगी। इसके बाद कुल 10 टीमें सुपर 10 स्टेज में खेलेंगी, जहां उन्हें 5-5 टीमों के दो ग्रुप में बांटा जाएगा।

सबसे बड़ा बदलाव नॉकआउट स्टेज में किया गया है। सुपर 10 के दोनों ग्रुप की शीर्ष टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंचेगी, लेकिन दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें क्रॉसओवर एलिमिनेटर मुकाबले खेलेंगी। इन दोनों मुकाबलों के विजेता ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करेंगे। इस तरह पहली बार T20 वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल से पहले दो अतिरिक्त नॉकआउट मुकाबले देखने को मिलेंगे।

ICC ने बताया कि यह फैसला भारत और श्रीलंका में खेले गए 2026 T20 वर्ल्ड कप में उभरती टीमों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए लिया गया है। बोर्ड का मानना है कि नए फॉर्मेट से ज्यादा एसोसिएट और उभरती टीमों को दूसरे दौर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। साथ ही अंतिम ग्रुप मुकाबलों का महत्व भी बढ़ेगा और ऐसे मैचों की संख्या घटेगी जिनका नतीजे पर कोई असर नहीं होता।

12 टीमों ने कटाया T20 वर्ल्ड कप का टिकट

अब तक 2028 T20 वर्ल्ड कप के लिए 12 टीमें अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं। मेजबान ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड को सीधे प्रवेश मिला है। वहीं इंग्लैंड, भारत, पाकिस्तान, साउथ अफ्रीका, श्रीलंका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे ने 2026 T20 वर्ल्ड कप के दूसरे दौर में पहुंचने के आधार पर क्वालिफाई किया है। अफगानिस्तान, बांग्लादेश और आयरलैंड ने T20I रैंकिंग के आधार पर टूर्नामेंट में जगह बनाई है।

बाकी आठ टीमों का फैसला 16 टीमों के एक ग्लोबल क्वालिफायर से होगा। हालांकि, इस प्रस्ताव को नवंबर में ICC बोर्ड की अंतिम मंजूरी मिलनी बाकी है। इस क्वालिफायर में कनाडा, इटली, नामीबिया, नेपाल, नीदरलैंड, ओमान, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और अमेरिका जैसी टीमें हिस्सा लेंगी। इनके अलावा विभिन्न रीजनल क्वालिफायर से भी टीमें इस प्रतियोगिता में पहुंचेंगी। ICC ने यह भी स्पष्ट किया कि स्कॉटलैंड, जिसने 2026 T20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की जगह अंतिम समय पर हिस्सा लिया था, उसे इस बार सीधे ग्लोबल क्वालिफायर में प्रवेश नहीं मिलेगा। स्कॉटिश टीम को पहले यूरोप रीजनल फाइनल खेलना होगा।

यह भी पढ़ें:

ODI WC 2027 में भारत और पाकिस्तान के बीच होंगे कई मुकाबले, आईसीसी ने बना दिया ऐसा फॉर्मेट

ICC का बड़ा ऐलान, ODI वर्ल्ड कप 2027 का फॉर्मेट बदला, अब पहले ही मैच से बढ़ेगा रोमांच

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल