1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC का बड़ा ऐलान, ODI वर्ल्ड कप 2027 का फॉर्मेट बदला, अब पहले ही मैच से बढ़ेगा रोमांच

ICC का बड़ा ऐलान, ODI वर्ल्ड कप 2027 का फॉर्मेट बदला, अब पहले ही मैच से बढ़ेगा रोमांच

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 15, 2026 04:35 pm IST,  Updated : Jul 15, 2026 07:59 pm IST

ICC ODI वर्ल्ड कप 2027 को लेकर बड़ा ऐलान हुआ है। ICC अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में बड़ा बदलाव किया है।

ICC- India TV Hindi
आईसीसी ODI वर्ल्ड कप Image Source : AFP

क्रिकेट के सबसे बड़े टूर्नामेंटों में से एक ICC मेन्स ODI वर्ल्ड कप 2027 अब नए अंदाज में खेला जाएगा। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC ने टूर्नामेंट के फॉर्मेट में कई बड़े बदलावों का ऐलान किया है। नए फॉर्मेट का मकसद हर मुकाबले को अधिक प्रतिस्पर्धी और अहम बनाना है, ताकि पहले मैच से लेकर फाइनल तक रोमांच बरकरार रहे। हालांकि, टूर्नामेंट में पहले की तरह 14 टीमें ही हिस्सा लेंगी, लेकिन अब वर्ल्ड कप का रास्ता पहले से कहीं ज्यादा चुनौतीपूर्ण होगा। ICC ने ग्रुप स्टेज से पहले सुपर सीरीज नाम का नया चरण जोड़ दिया है, जिससे शुरुआती मुकाबलों का महत्व काफी बढ़ जाएगा।

अब कैसे होगा ODI वर्ल्ड कप 2027 का फॉर्मेट?

नए प्रारूप के तहत सबसे कम रैंकिंग वाली तीन टीमें पहले सुपर सीरीज राउंड खेलेंगी। इस चरण से केवल एक टीम मुख्य ग्रुप स्टेज में पहुंचेगी, जबकि बाकी दो टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगी। इसके बाद 12 टीमें अगले चरण में खेलेंगी, जिन्हें 6-6 टीमों के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। दोनों ग्रुप की टॉप-3 टीमें सीधे अगले दौर में पहुंचेंगी।इसके अलावा दोनों ग्रुपों में चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में से बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक टीम भी आगे बढ़ेगी। इस तरह कुल 7 टीमें सुपर 7 राउंड में जगह बनाएंगी।

सुपर 7 से तय होंगे सेमीफाइनलिस्ट

सुपर 7 स्टेज में सभी सात टीमें राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में एक-दूसरे से भिड़ेंगी। इस स्टेज की टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी, जिसके बाद विजेता टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी। फाइनल की विजेता टीम चैंपियन घोषित होगी।

ICC ने बदलाव क्यों किए?

एडिनबर्ग में हुई ICC बोर्ड की वार्षिक बैठक में इन बदलावों को मंजूरी दी गई। बोर्ड का कहना है कि नए फॉर्मेट का उद्देश्य हर मैच को अधिक महत्वपूर्ण बनाना, प्रतिस्पर्धा का स्तर बढ़ाना, खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतर टूर्नामेंट अनुभव देना और उभरती टीमों को भी बड़े मंच पर अपनी क्षमता दिखाने का मौका देना है। ICC के अनुसार, नए फॉर्मेट में शुरुआती राउंड से ही हर मुकाबले का असर आगे की दौड़ पर पड़ेगा, जिससे पूरे टूर्नामेंट में रोमांच और प्रतिस्पर्धा बनी रहेगी।

कब और कहां होगा ODI वर्ल्ड कप 2027?

ICC मेन्स ODI वर्ल्ड कप 2027 का आगाज 4 अक्टूबर 2027 से होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 27 नवंबर 2027 को खेला जाएगा। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की संयुक्त मेजबानी साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे। ऑस्ट्रेलिया डिफेंडिंग चैंपियन है। 2023 वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय टीम को हराकर वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था। 

यह भी पढ़ें:

ICC की बड़ी तैयारी, वर्ल्ड कप और WTC के फॉर्मेट में हो सकते हैं बड़े बदलाव

ODI मैच हो सकते हैं छोटे, ICC नई ग्लोबल T20 लीग पर कर रहा विचार, WTC में बढ़ सकती हैं टीमें

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल