1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC की बड़ी तैयारी, वर्ल्ड कप और WTC के फॉर्मेट में हो सकते हैं बड़े बदलाव

ICC की बड़ी तैयारी, वर्ल्ड कप और WTC के फॉर्मेट में हो सकते हैं बड़े बदलाव

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 14, 2026 10:03 pm IST,  Updated : Jul 14, 2026 10:21 pm IST

ICC अपने प्रमुख टूर्नामेंट के फॉर्मेट में बड़े बदलाव करने पर विचार कर रहा है। इन प्रस्तावों में 2027 ODI वर्ल्ड कप को 12 टीमों का करने, T20 वर्ल्ड कप में सुपर-10 स्टेज लागू करने और WTC में फाइनल से पहले सेमीफाइनल जोड़ने का सुझाव शामिल है।

ICC - India TV Hindi
आईसीसी टूर्नामेंट Image Source : AFP

इंटरनेशनल क्रिकेट में आने वाले वर्षों में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC अपने तीन सबसे बड़े टूर्नामेंट ODI वर्ल्ड कप, T20 वर्ल्ड कप और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC के फॉर्मेट में बड़े बदलाव करने पर विचार कर रही है। इतना ही नहीं, दुनिया भर की फ्रेंचाइजी टीमों के लिए फीफा क्लब वर्ल्ड कप की तर्ज पर एक नए ग्लोबल T20 टूर्नामेंट की भी योजना बनाई जा रही है। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, इन प्रस्तावों पर हाल ही में स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग में हुई ICC की वार्षिक बैठक के दौरान चर्चा हुई। बताया गया है कि न्यूजीलैंड के रोजर ट्वोज की अध्यक्षता वाले ICC वर्किंग ग्रुप ने इन बदलावों का सुझाव दिया है।

2027 ODI वर्ल्ड कप में घटेंगी टीमें

साल 2027 में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाले ODI वर्ल्ड कप के लिए पहले 14 टीमों का प्रारूप तय माना जा रहा था। हालांकि अब इसे 12 टीमों तक सीमित करने पर चर्चा चल रही है। प्रस्तावित फॉर्मेट के अनुसार 12 टीमों को 6-6 टीमों के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। इसके बाद सुपर-7 चरण खेला जाएगा, जिसमें दोनों ग्रुप की शीर्ष तीन-तीन टीमें और चौथे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ टीम जगह बनाएगी।

ICC T20 वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में भी बदलाव की संभावना है। अभी 20 टीमों को 5-5 टीमों के चार ग्रुप में बांटा जाता है और प्रत्येक ग्रुप से दो टीमें सुपर-8 में पहुंचती हैं। नए प्रस्ताव के तहत 20 टीमों को 4-4 टीमों के पांच ग्रुप में बांटा जाएगा। हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें अगले दौर में पहुंचेंगी, जिसे सुपर-10 कहा जा सकता है।

WTC में फाइनल से पहले हो सकता है सेमीफाइनल

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC के मौजूदा फॉर्मेट में पॉइंट्स टेबल में शीर्ष दो टीमें सीधे फाइनल खेलती हैं। लेकिन अब ICC इस व्यवस्था में भी बदलाव पर विचार कर रही है। प्रस्ताव के अनुसार, दो साल के चक्र में छह-छह टेस्ट सीरीज खेलने के बाद शीर्ष चार टीमों के बीच सेमीफाइनल कराए जा सकते हैं। माना जा रहा है कि इससे लीग चरण के मुकाबलों का महत्व बढ़ेगा और आखिरी तक रोमांच बना रहेगा। हालांकि, WTC को 12 टीमों तक विस्तार देने पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

नया ग्लोबल T20 टूर्नामेंट

ICC एक ऐसे टूर्नामेंट की भी योजना बना रही है, जो फीफा क्लब वर्ल्ड कप की तर्ज पर होगा। प्रस्तावित वर्ल्ड क्लब T20 में दुनिया भर की प्रमुख फ्रेंचाइजी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलती नजर आ सकती हैं। अगर यह योजना मंजूर होती है तो यह टूर्नामेंट कभी लोकप्रिय रहे चैंपियंस लीग T20 की तरह फ्रेंचाइजी क्रिकेट को इंटरनेशनल मंच पर नई पहचान दे सकता है। हालांकि, ICC की ओर से इन प्रस्तावों पर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। सभी सुझावों पर चर्चा जारी है और अंतिम फैसला भविष्य की बैठकों में लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें:

ICC की पॉलिसी पर भड़के पूर्व भारतीय क्रिकेटर्स, अफगानिस्तान से टेस्ट स्टेटस वापस लेने की वकालत की

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल