A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG: इंग्लैंड को नहीं पच रहा रूट का बोल्ड, आकाश दीप की गेंद लीगल थी या नहीं MCC ने बताया

IND vs ENG: इंग्लैंड को नहीं पच रहा रूट का बोल्ड, आकाश दीप की गेंद लीगल थी या नहीं MCC ने बताया

IND vs ENG: एजबेस्टन टेस्ट में टीम इंडिया को ऐतिहासिक जीत दिलाने में तेज गेंदबाज आकाश दीप की भूमिका काफी अहम रही। आकाश ने इस मैच में पहली पारी में जहां 4 विकेट लिए तो वहीं दूसरी पारी में 6 विकेट लेने में कामयाब रहे।

Akash Deep And Joe Root- India TV Hindi
Image Source : GETTY/AP आकाश दीप और जो रूट

भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स टेस्ट मैच गंवाने के बाद एजबेस्टन में शानदार वापसी करते हुए मुकाबले को 336 रनों से अपने नाम किया और सीरीज 1-1 से बराबरी पर लेकर आ गए। एजबेस्टन के मैदान पर टीम इंडिया की तरफ से जहां शानदार बल्लेबाजी देखने को मिली तो वहीं गेंदबाजों ने भी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। जसप्रीत बुमराह की जगह पर एजबेस्टन टेस्ट मैच में शामिल किए गए तेज गेंदबाज आकाश दीप ने मौके का पूरा फायदा उठाने के साथ कुल 10 विकेट अपने नाम किए। वहीं इस मैच में आकाश दीप की एक गेंद को लेकर अब तक चर्चा देखने को मिल रही है, जिसमें उन्होंने जो रूट को बोल्ड किया था। कई दिग्गजों के अनुसार वो एक नो-बॉल करार दी जानी चाहिए थी, जिसमें अब मेरीलेबोन क्रिकेट क्लब यानी एमसीसी का भी बयान आ गया है।

एमसीसी ने गेंद को बताया लीगल

एजबेस्टन टेस्ट मैच के चौथे दिन के आखिरी सेशन में जब इंग्लैंड की टीम को चौथी पारी में बल्लेबाजी करने का मौका मिला तो उन्होंने 30 रनों के अंदर अपने दोनों ओपनिंग बल्लेबाजों को गंवा दिया था। वहीं इसके बाद जो रूट ने पारी को एक छोर से संभालने का प्रयास किया लेकिन 11वें ओवर की दूसरी गेंद जो आकाश दीप ने फेंकी थी उसे रूट बिल्कुल भी नहीं समझ पाए और बोल्ड हो गए। इस गेंद को लेकर कुछ दिग्गजों का मानना था कि अंपायर को नो-बॉल देनी चाहिए थे, क्योंकि आकाश का पैर रिटर्न क्रीज के बाहर था।

अब इसी पर एमसीसी की तरफ से भी बयान आ गया है, जिसमें क्रिकबज के अनुसार एमसीसी ने कहा कि भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन के मैदान पर चौथे दिन के खेल में आकाश दीप की गेंद पर सवाल उठे थे, लेकिन तीसरे अंपायर ने बॉल को सही माना था और ये नियमों के अनुसार भी पूरी तरह से सही फैसला था। गेंदबाज का गेंद फेंकते समय पैर रिटर्न क्रीज के अंदर होना चाहिए और उसे छूना नहीं चाहिए। पहला टच ही मायने रखता है। ऐसे में जब आकाश दीप का उस गेंद पर पैर जमीन पर पड़ा तो वह क्रीज के अंदर था और इसीलिए गेंद पूरी तरह से लीगल थी।

आकाश दीप ने करियर में लिया पहला 5 विकेट हॉल

इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट मैच की पहली पारी में आकाश दीप ने 4 विकेट हासिल किए थे तो वहीं दूसरी पारी में उन्होंने इंग्लैंड के टॉप-5 में से 4 खिलाड़ियों को अपना शिकार बनाने के साथ 6 विकेट हासिल किए। इस तरह से वह जहां अपने टेस्ट करियर में पहली बार पारी में 5 विकेट लेने में कामयाब रहे तो वहीं मैच में उनके नाम कुल 10 विकेट खाते में आए। अब सभी की नजरें 10 जुलाई से लॉर्ड्स के मैदान पर होने वाले सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच पर टिकी हुई है।

ये भी पढ़ें

IND vs ENG: लॉर्ड्स में टीम इंडिया ने जीते हैं अब तक इतने टेस्ट, क्या इस बार भी मारेंगे बाजी!

ये ​खिलाड़ी है लॉर्ड्स का राजा, इस बार चला बल्ला तो बढ़ेगी टेंशन

Latest Cricket News