1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG: लॉर्ड्स में टीम इंडिया ने जीते हैं अब तक इतने टेस्ट, क्या इस बार भी मारेंगे बाजी!

IND vs ENG: लॉर्ड्स में टीम इंडिया ने जीते हैं अब तक इतने टेस्ट, क्या इस बार भी मारेंगे बाजी!

 Published : Jul 08, 2025 11:24 am IST,  Updated : Jul 08, 2025 11:24 am IST

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट मैच लॉर्ड्स में खेला जाएगा। मैच शुरू होने से पहले यहां के आंकड़ों पर एक नजर डाली जानी चाहिए।

Ben Stokes and shubman gill- India TV Hindi
बेन स्टोक्स और शुभमन गिल Image Source : GETTY

India vs England: भारत और इंग्लैंड के बीच अब तीसरा टेस्ट मैच होने जा रहा है। अब तक दोनों टीमें ने एक एक मैच जीता है और यही वजह है कि सीरीज बराबरी पर है। तीसरा मुकाबला लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा। जिसे क्रिकेट का मक्का भी कहा जाता है। तीसरा मुकाबला 10 जुलाई से शुरू होगा, इससे पहले कि मैच शुरू हो, आपको जानना चाहिए कि भारतीय टीम ने अब तक इस मैदान पर कितने मुकाबले अपने नाम किए हैं। साथ ही इंग्लैंड के आंकड़े भी आपको देखने चाहिए। 

भारतीय टीम ने लॉर्ड्स में जीते हैं केवल तीन ही मैच

भारतीय टीम ने लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में अब तक 19 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान बहुत ज्यादा मैच तो नहीं जीते गए हैं, लेकिन तीन मुकाबले जीतने में टीम इंडिया कामयाब रही है। इस दौरान भारतीय टीम को 12 मैच में हार का सामना करना पड़ा है, वहीं चार मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं। भले ही भारत ने लॉर्ड्स में तीन मैच जीते हों, लेकिन इसके बाद भी भारत का बहुत अच्छा रिकॉर्ड नहीं है। अब शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया की परीक्षा होगी कि क्या इस बार भी भारतीय टीम जीत दर्ज कर पाएगी या फिर पीछे रह जाएगी। 

इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में जीते हैं कुल 59 मुकाबले

इस बीच बात अगर इंग्लैंड की करें तो जाहिर सी बात है कि अंग्रेज टीम ने यहां ज्यादा मैच खेले हैं। इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में अब तक 145 मैच खेलकर उसमें से 59 जीते हैं और 35 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। 51 मुकाबले यहां ड्रॉ रहे हैं। भारतीय टीम ने जिस तरह से सीरीज का दूसरा मुकाबला जीता है, उससे इंग्लैंड की टीम इस वक्त टेंशन में होगी, क्योंकि अगला मुकाबला अगर हाथ से गया तो फिर सीरीज पर भी संकट मंडराने लगेगा। भारत ने आखिरी बार साल 2007 में यहां सीरीज जीती थी, तब से लेकर अब तक हाथ खाली हैं। अब देखना होगा कि इस बार क्या परिणाम रहता है। 

लॉर्ड्स में ज्यादा रन बनने की संभावना कम

भारतीय टीम भले ही इस वक्त बदलाव के दौर से गुजर रही हो, लेकिन युवा खिलाड़ियों की फौज ने भी अच्छा प्रदर्शन करके दिखाया है, इसलिए एक आस बंधती है। अब तीसरा मुकाबला काफी कुछ तय करेगा कि सीरीज किस ओर जा रही है। हालांकि अभी तक जो खबरें आ रही हैं, उससे पता चलता है कि लॉर्ड्स की पिच ऐसी नहीं होगी कि खूब रन बनें, यानी इस बार गेंदबाजों को मदद मिल सकती है और हो सकता है कि बहुत ज्यादा रन बनते हुए दिखाई ना दें। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल