1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में बजा भारत का डंका, महिला और पुरुष दोनों टीमों ने खिताब किया अपने नाम

कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में बजा भारत का डंका, महिला और पुरुष दोनों टीमों ने खिताब किया अपने नाम

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Oct 31, 2026 10:21 pm IST,  Updated : Oct 31, 2026 10:22 pm IST

अहमदाबाद में आयोजित की गई पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भारत की महिला और पुरुष दोनों टीमों का दबदबा देखने को मिला जिसमें महिला टीम ने खिताबी मैच में युगांडा को मात दी तो वहीं पुरुष टीम ने श्रीलंका को मात देने के साथ खिताब अपने नाम किया।

भारतीय महिला कबड्डी...- India TV Hindi
भारतीय महिला कबड्डी टीम। Image Source : PTI

अहमदाबाद में आयोजित की पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में महिला और पुरुष दोनों इवेंट के खिताब भारतीय टीम जीतने में कामयाब रही। 31 अक्टूबर को वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भारतीय महिला और पुरुष टीम ने अपने शानदार खेल के दम पर गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। भारतीय महिला कबड्डी टीम का सामना फाइनल मुकाबले में युगांडा से था और इस मैच में टीम इंडिया का दबदबा पूरी तरह से देखने को मिला जिसमें उन्होंने 35-15 के बड़े अंतर से जीत हासिल की। वहीं भारतीय पुरुष कबड्डी टीम की फाइनल मैच में भिड़ंत श्रीलंका से हुई और उन्होंने यह मैच 54-20 के बड़े अंतर से जीतने के साथ खिताब जीता। इस टूर्नामेंट में कुल 10 महिला टीमों ने हिस्सा लिया था।

भारतीय रेडर्स के सामने युगांडा का डिफेंस बेअसर साबित हुआ

भारतीय महिला कबड्डी टीम का पहले कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप के फाइनल मैच में सामना युगांडा की टीम से हुआ जिन्होंने सेमीफाइनल मैच में अपने मजबूत डिफेंस के दम पर जीत हासिल करते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया था, लेकिन भारतीय रेडर्स के सामना उनका डिफेंस पूरी तरह से बेअसर साबित हुआ। फाइनल मैच में भारत के लिए सबसे ज्यादा 9 अंक साक्षी ने बटोरे जिसमें 7 टच प्वाइंट और 2 बोनस प्वाइंट शामिल हैं। उनके अलावा अनु सेन ने 6 अंक जुटाए जबकि कप्तान निधि शर्मा ने 5 अंक हासिल किए। युगांडा की ओर से नकायोंगो शिरात ने 11 अंक बनाए और वह अपनी टीम की टॉप स्कोरर रहीं। पहला हाफ खत्म होने पर भारतीय टीम ने 22-7 के बड़े अंतर की बढ़त बना रखी हुई थी जिसके साथ ही उनकी जीत भी तय हो गई। भारतीय महिला टीम  ने ग्रुप स्टेज में बिना कोई मैच हारे शानदार शुरुआत की और फिर नॉकआउट चरण में श्रीलंका और युगांडा को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

पुरुष टीम का भी दिखा श्रीलंका के खिलाफ एकतरफा प्रदर्शन

पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में पुरुष इवेंट में भी भारतीय टीम का दबदबा ग्रुप स्टेज से लेकर फाइनल मुकाबले तक जारी देखने को मिला। भारतीय पुरुष कबड्डी टीम की फाइनल मैच में भिड़ंत श्रीलंका थी और उन्होंने इस मैच को 54-20 के बड़े अंतर से अपने नाम किया। मुकाबले के पहले हाफ का खेल खत्म होने पर भारतीय टीम ने 30-10 के अंतर से बढ़त बना रखी थी, जिसके बाद दूसरे हाफ में भी भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने अपने इस दबदबे को जारी रखा और मुकाबला अपने नाम करने के साथ पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया।

ये भी पढ़ें

पिता का अचानक निधन, टूटने के बाद भी नहीं मानी हार, ऐसे विश्व चैंपियन बनीं मनीषा भानवाला

भारतीय एथलीट नीरज यादव ने किया सुसाइड, एशियन पैरा गेम्स में जीते थे 3 गोल्ड मेडल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।