निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' की रिलीज को अब महज 5 ही दिन बचे हैं। ये मेगा बजट फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है और फिल्म को सेंसर बोर्ड से भी हरी झंडी मिल चुकी है। एडवांस बुकिंग में भी 'रामायण' को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। इस फिल्म में रणबीर कपूर राम की भूमिका निभा रहे हैं और साई पल्लवी माता सीता की। वहीं कन्नड़ सुपरस्टार यश इस चर्चित फिल्म में रावण की भूमिका में दिखाई देंगे। इस बीच उन्होंने रावण का किरदार निभाने को लेकर अपने बेटे के साथ हुई बातचीत का खुलासा किया और बताया कि उनके रावण की भूमिका निभाने को लेकर बेटे यथर्व ने जो प्रतिक्रिया दी, उन्हें इसकी बिलकुल भी उम्मीद नहीं थी। यश के अनुसार उनका बेटा ये मानने को तैयार ही नहीं था कि वह 'रावण' की भूमिका निभा सकते हैं। जैसे ही यथर्व को इसके बारे में पता चला, उन्होंने यश पर सवाल पर सवाल दाग दिए, जिसके बाद रॉकिंग स्टार को अपने बेटे को काफी देर तक समझाना और मनाना पड़ा।
यश के खुलासे से हैरान रह गए थे यथर्व
न्यूज एजेंसी IANS के अनुसार, यश ने जब अपने बेटे यथर्व को बताया कि वह फिल्म में भगवान राम नहीं, बल्कि रावण का किरदार निभा रहे हैं तो यथर्व नाराज हो गए और पूछने लगे कि वह आखिर रावण का किरदारक्यों निभा रहे हैं। यश इस बारे में बात करते हुए कहते हैं- 'जब मेरे बेटे को 'रामायण' की कहानी और ये पता चला कि उसके पिता इस फिल्म में कौन सा किरदार निभा रहे हैं तो वह हैरान रह गया। सुनते ही उसने कहा- 'नहीं, आप तो बुरे इंसान हैं! आखिर आप ऐसा कैसे कर सकते हैं?' ऐसे में मैने उसे समझाया कि मैंने इसलिए ऐसा किया, ताकि लोगों को कहानी ठीक से समझ आ सके, इसके लिए पूरी कहानी दिखानी पड़ती है।'
बच्चों को समझाना पड़ता है- यश
यश ने बताया कि कैसे उन्हें अपने बच्चों को एक एक्टर और कैरेक्टर के बीच का अंतर समझाना पड़ता है। उन्होंने इसकी चुनौती के बारे में बात करते हुए बताया कि उन्हें अपने बच्चों को कहानी का व्यापक महत्व समझाना पड़ा और फिर उन्हें दोनों को ये भी बताना पड़ा कि भगवान राम को आदर्श क्यों माना जाता है। उन्होंने अपनी बात जारी रखते हुए कहा- 'मुझे अपने बेटे को बैठाकर समझाना पड़ा कि इस कहानी के मुख्य पात्र भगवान राम हैं, जिन्हें उसे अपना आदर्श मानना चाहिए और हर किसी को भगवान राम द्वारा दिखाए रास्ते पर चलना चाहिए। रावण भले ही भव्य, प्रभावशाली और शक्तिशाली लगे, लेकिन जिंदगी की सच्ची और स्थाई जीत तभी मिलती है जब आप श्रीराम की तरह धर्म और सत्य के मार्ग पर चलते हैं। मैंने उससे कहा- 'तुम सिनेमाघर में एक एक्टर के तौर पर तो मेरा हौसला बढ़ा सकते हो, लेकिन मेरे किरदार को अपना आदर्श मानने की गलती मत करना।''
बेटे को समझाना एक अलग अनुभव था- यश
यश बताते हैं कि उनके बेटे के साथ उनकी बातचीत तब एक अलग मोड़ पर पहुंच गई, जब बेटे ने पूछा कि आखिरी में रावण के साथ क्या होता है? क्या वो मारा जाता है? यश कहते हैं- 'उसने मुझसे पूछा कि 'क्या आप आखिरी में मर जाते हैं? क्या आप हार जाते हैं?' जब मैंने ये प्रोजेक्ट साइन किया था, तब इस बारे में मैंने सोचा ही नहीं था कि अपने बेटे के सवालों का जवाब कैसे दूंगा। मैंने तो बस ये सोचा था कि दर्शकों को एक बेहतरीन परफॉर्मेंस दूं। बच्चों को एक्टर और एक किरदार के बीच का अंतर समझाना एक अलग ही अनुभव था। '
'रामायण' की कास्ट और रिलीज के बारे में
नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित 'रामायण' की बात करें तो इसको नमित मल्होत्रा के 'प्राइम फोकस स्टूडियोज' ने यश की 'मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स' के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। ये फिल्म दो भागों में बनी है। फिल्म का पहला हिस्सा 5 नवंबर, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रहा है और दूसरा दिवाली 2026 पर रिलीज होगा। फिल्म में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण, अरुण गोविल राजा दशरथ और लारा दत्ता कैकयी की भूमिका निभा रही हैं। वहीं फिल्म में विवेक ओबेरॉय, काजल अग्रवाल, रकुलप्रीत सिंह, और इंदिरा कृष्णन भी अहम भूमिका में हैं। (इनपुट- आईएएनएस)
ये भी पढ़ेंः दूसरी बेटी देवी के जन्म के बाद मल्टीटास्कर बनीं दीपिका पादुकोण, शेयर किया रूटीन, बताया कैसे करती हैं नहाना, खाना और एक्सरसाइज?