1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हैमिल्टन में बल्लेबाजों का दिखेगा जलवा या गेंदबाज रहेंगे हावी, 5वें टी20 मैच में ऐसा रह सकता है पिच का मिजाज

हैमिल्टन में बल्लेबाजों का दिखेगा जलवा या गेंदबाज रहेंगे हावी, 5वें टी20 मैच में ऐसा रह सकता है पिच का मिजाज

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Oct 31, 2026 06:48 pm IST,  Updated : Oct 31, 2026 06:48 pm IST

भारत और न्यूजीलैंड के बीच में खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला हैमिल्टन के सेडन पार्क में एक नवंबर को खेला जाएगा, जिसमें इस मैच की पिच को लेकर सभी की नजरें सबसे ज्यादा टिकी हुई हैं।

Seddon Park, Hamilton- India TV Hindi
सेडन पार्क, हैमिल्टन। Image Source : AFP

भारत और न्यूजीलैंड के बीच में खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज में अब तक चार मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें टीम इंडिया सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त पहले ही हासिल कर चुकी है। अब इस सीरीज का 5वां और आखिरी मुकाबला हैमिल्टन के सेडन पार्क में एक नवंबर को खेला जाएगा। अभी तक पूरी सीरीज में बल्लेबाजों का दबदबा पूरी तरह से देखने को मिला है, जिसमें जमकर रन बने हैं, ऐसे में आखिरी टी20 मुकाबले की पिच को लेकर भी सभी की नजरें रहने वाली हैं जहां पर बल्लेबाजों का दबदबा जारी रहने की उम्मीद की जा रही है। ऐसे में दोनों टीमों के गेंदबाजों के लिए परिस्थितियां एकबार फिर से आसान नहीं रहेंगी, जिसमें उनके लिए रनों की बारिश को रोकना मुश्किल काम रहने वाला है।

पहली पारी में औसत स्कोर 180 या उससे ज्यादा

हैमिल्टन के सेडन पार्क की पिच को लेकर बात की जाए तो यहां पर अब तक खेले गए 14 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में से 8 मैचों में पहली पारी का औसत स्कोर 180 या उससे ज्यादा का बनते हुए देखने को मिला है। ऐसे में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाने वाला 5वां टी20 मैच भी हाई स्कोरिंग रहने की उम्मीद की जा सकती है। हालांकि गेंदबाजों के लिए एक जो अच्छी खबर है वह यह कि इस मैदान की सीधी बाउंड्री ऑकलैंड के ईडन पार्क के मुकाबले बड़ी है जिससे बल्लेबाजों के लिए सामने की तरफ रन बनाना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। सेडन पार्क में अब तक खेले गए 14 टी20 मुकाबलों में से 9 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीत हासिल करने में कामयाब रही तो वहीं 5 बार टारगेट का पीछा करने वाली टीम ने मुकाबला अपने नाम किया है। ऐसे में टॉस की भूमिका काफी अहम रहेगी। वहीं मुकाबले के दौरान मौसम को लेकर बात की जाए तो मैच की शुरुआत में तापमान सामान्य रहेगा, लेकिन खेल खत्म होने तक काफी ठंड हो जाएगी।

टीम इंडिया ने यहां पर अब तक खेले हैं 2 मुकाबले

भारतीय टीम ने हैमिल्टन के सेडन पार्क में अब तक 2 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिसमें दोनों में उनका सामना न्यूजीलैंड की टीम से हुआ है। टीम इंडिया ने यहां पर पहला मैच साल 2019 में खेला था, जिसमें 213 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए उनको 4 रनों से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि दूसरा मुकाबला साल 2020 के दौरे पर भारतीय टीम ने खेला था और इस मैच को वह सुपर ओवर में अपने नाम करने में कामयाब रहे थे।

ये भी पढ़ें

भारतीय टीम को WTC Points Table में बांग्लादेश की हार से मिला फायदा, पहुंची इस पोजीशन पर

न्यूजीलैंड सीरीज के लिए भारत की वनडे टीम में हुआ बदलाव, आकिब नबी को मिली जगह

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।