भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में अब तक कई अनगिनत रिकॉर्ड टूटते हुए देखने को मिले हैं। इस टेस्ट सीरीज के सभी पांचों मुकाबलों में बल्लेबाजों का दबदबा साफतौर पर देखने को मिला है, जिसके दम पर ओवल टेस्ट मैच के दौरान 49 साल पुराना एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड भी चकनाचूर हो गया। इस टेस्ट सीरीज में दोनों टीमों के मिलाकर कुल 9 बल्लेबाज 400 रनों का आंकड़ा पार करने में कामयाब हुए हैं, जो इससे पहले टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में किसी भी एक सीरीज में देखने को नहीं मिला था।
इन दो टेस्ट सीरीज का रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में इससे पहले किसी एक सीरीज में जब दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने 400 प्लस रन बनाए थे तो वह संयुक्त रूप से साल 1975-76 में वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुई सीरीज के अलावा साल 1993 में हुई एशेज सीरीज में देखने को मिला था। इन दोनों ही टेस्ट सीरीज में कुल 8 बल्लेबाज ऐसे थे जो 400 से अधिक रन बनाने में कामयाब हुए थे। वहीं अब भारत और इंग्लैंड के बीच खेली इस सीरीज में कुल 9 बल्लेबाज 400 प्लस रन बनाने के साथ टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एक नया कीर्तिमान रचने में सफल हो गए हैं।
एक टेस्ट सीरीज में 400 प्लस रन बनाने वाले सर्वाधिक बल्लेबाज
- भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज - 9 बल्लेबाज (साल 2025)
- ऑस्ट्रेलिया बनाम वेस्टइंडीज - 8 बल्लेबाज (साल 1975-76)
- एशेज सीरीज - 8 बल्लेबाज (साल 1993)
ये 9 बल्लेबाज कमाल दिखाने में रहे कामयाब
दोनों टीमों के बीच इस टेस्ट सीरीज में भारत की तरफ से जहां कुल 5 बल्लेबाज 400 रनों का आंकड़ा पार करने में कामयाब हुए तो वहीं इंग्लैंड की तरफ से चार प्लेयर्स इस आंकड़े को पार करते हुए सीरीज में दिखाई दिए। भारत की तरफ से कप्तान शुभमन गिल के अलावा केएल राहुल, रवींद्र जडेजा, ऋषभ पंत और यशस्वी जायसवाल का नाम शामिल है तो वहीं इंग्लैंड की तरफ से जो रूट, जेमी स्मिथ, हैरी ब्रूक और बेन डकेट ने ये कारनामा किया।
ये भी पढ़ें
6000+ रन, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में पहली बार किसी ने छुआ ये आंकड़ा; लिखी गई नई इबारत
भारत के खिलाफ पहली बार टेस्ट क्रिकेट में हुआ ऐसा, इस जोड़ी ने मिलकर रचा इतिहास
Latest Cricket News