1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG: सेमीफाइनल से पहले इंग्लैंड के खिलाड़ी ने कर दिया बड़ा ऐलान , कहा - मुझे यकीन है कि हम शोर को खामोश कर देंगे

IND vs ENG: सेमीफाइनल से पहले इंग्लैंड के खिलाड़ी ने कर दिया बड़ा ऐलान , कहा - मुझे यकीन है कि हम शोर को खामोश कर देंगे

IND vs ENG: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 5 मार्च को भारत और इंग्लैंड के बीच में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस अहम मैच से पहले इंग्लैंड टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी सैम करन का बड़ा बयान सामने आया है।

England Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : AP इंग्लैंड क्रिकेट टीम

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है, जहां पर टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल मैच 4 मार्च को साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीम के बीच में होगा, तो वहीं दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला भारत और इंग्लैंड की टीम के बीच में खेला जाएगा। टीम इंडिया का अभी तक इस टूर्नामेंट में प्रदर्शन बेहतर देखने को मिला है, जिसमें उन्हें सिर्फ अफ्रीकी टीम के खिलाफ सुपर-8 के मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। वहीं भारत के खिलाफ सेमीफाइनल मैच से पहले इंग्लैंड टीम के स्टार खिलाड़ी सैम करन का एक बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने ऐसी उम्मीद जताई है कि उनकी टीम मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मौजूदा भारतीय फैंस को शांत करने में कामयाब हो सकेगी।

इस मैदान पर हमें काफी खेलने का अनुभव है

सैम करन ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 5 मार्च को भारतीय टीम के खिलाफ होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले से पहले दिए बयान में कहा कि इस स्टेडियम में हम काफी खेल चुके हैं, तो हमारे लिए यहां खेलना कोई नई बात नहीं है। हमें इस मैच से पहले तैयारी के लिए 2 दिनों का समय मिला है, जिससे हमारे लिए हालात के अनुसार ढलने में मदद मिलेगी। हम यहां पर इतना खेल चुके हैं कि अलग-अलग हालात की आदत हो गई है। हमने यहां पर आईपीएल में भारतीय प्लेयर्स के साथ भी काफी खेला है, तो ऐसी कोई चीज नहीं है जिसे छिपाया जा सके। यह शानदार स्टेडियम है और मुझे यकीन है कि 5 मार्च की रात हम इस स्टेडियम को खामोश करने में कामयाब हो सकेंगे।

भारतीय टीम काफी शानदार है

टीम इंडिया को लेकर सैम करन ने आगे अपने बयान में कहा कि वह काफी शानदार खेल रही है, लेकिन स्क्वाड में मौजूद अधिकांश खिलाड़ी ऐसे हैं जिनके साथ हम सभी ने आईपीएल में खेला है। ऐसे में हम किसी भी चीज को लेकर डरे हुए नहीं हैं और दोनों टीमें इस सेमीफाइनल मैच की चुनौती को भी काफी बेहतर तरीके से समझ रही हैं। बता दें कि साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में भी टीम इंडिया ने सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड का सामना किया था, जिसको भारतीय टीम ने 78 रनों से अपने नाम किया था।

ये भी पढ़ें

कितने बजे शुरू होगा SA vs NZ के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल? जानें कब और कहां देख पाएंगे Live

SA vs NZ: टी20 फॉर्मेट में कैसा है साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड का हेड टू हेड रिकॉर्ड, वर्ल्ड कप नॉकआउट में किस टीम का है दबदबा?

Latest Cricket News