1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. लॉर्ड्स में होगी भारत और इंग्लैंड के बीच टक्कर, जानिए कब, कहां और कैसे देख पाएंगे ऐतिहासिक टेस्ट

लॉर्ड्स में होगी भारत और इंग्लैंड के बीच टक्कर, जानिए कब, कहां और कैसे देख पाएंगे ऐतिहासिक टेस्ट

भारतीय महिला क्रिकेट टीम लॉर्ड्स में मेजबान इंग्लैंड से ऐतिहासिक टेस्ट मैच में भिड़ने के लिए तैयार हैं। 10 जुलाई से मुकाबला खेला जाएगा।

IND vs ENG- India TV Hindi
Image Source : BCC/ECB भारत बनाम इंग्लैंड

क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित मैदान लॉर्ड्स पर अब एक ऐसा मुकाबला होने जा रहा है, जो इतिहास के पन्नों में दर्ज होगा। भारत और इंग्लैंड की महिला टीमें पहली बार लॉर्ड्स में टेस्ट मैच खेलेंगी। यह सिर्फ दोनों देशों के बीच मुकाबला नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक अवसर भी होगा, क्योंकि लॉर्ड्स ने अब तक कभी महिला टेस्ट मैच की मेजबानी नहीं की है।

पहली बार लॉर्ड्स में महिला टेस्ट की मेजबानी

इंग्लैंड की मेजबानी में खेला जाने वाला यह टेस्ट दोनों टीमों के लिए खास मायने रखता है। इंग्लैंड की महिला टीम अपना 103वां टेस्ट खेलेगी, जबकि भारत के लिए यह इतिहास का 43वां महिला टेस्ट होगा। सबसे बड़ी बात यह है कि लॉर्ड्स के इतिहास में पहली बार यहां महिला टेस्ट मुकाबला आयोजित किया जाएगा। लॉर्ड्स में मेन्स क्रिकेट के 150 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं, लेकिन अब तक किसी महिला टेस्ट को यहां जगह नहीं मिली थी। महिला टेस्ट क्रिकेट की बात करें तो सबसे ज्यादा 9 टेस्ट मैच वॉर्सेस्टर के न्यू रोड मैदान पर खेले गए हैं। वहीं, द ओवल ने 6, टॉनटन के काउंटी ग्राउंड और स्कारबोरो के नॉर्थ मरीन रोड ग्राउंड ने 5-5 महिला टेस्ट मैचों की मेजबानी की है।

हेड टू हेड रिकॉर्ड

भारत और इंग्लैंड की महिला टीमें अब तक टेस्ट क्रिकेट में 15 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें भारत ने 3 मैच जीते हैं, जबकि इंग्लैंड को सिर्फ 1 जीत मिली है। बाकी 11 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। ऐसे में टीम इंडिया के सामने T20 वर्ल्ड कप 2026 के निराशाजनक अभियान को पीछे छोड़ते हुए इंग्लैंड में शानदार जीत दर्ज करने का मौका होगा।

कब और कहां देख पाएंगे मुकाबला?

भारत और इंग्लैंड के बीच ऐतिहासिक टेस्ट मुकाबला लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर 10 जुलाई से शुरू होगा। यह चार दिवसीय टेस्ट मैच होगा, जो 13 जुलाई तक चलेगा। भारतीय समयानुसार 3:30 PM मुकाबले का आगाज होगा। ये मुकाबला सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव टेलीकास्ट होगा। फैंस सोनी स्पोर्ट्स 1 और सोनी स्पोर्ट्स 2 पर लाइव मैच का लुत्फ उठा पाएंगे। मोबाइल और लैपटॉप पर सोनी लिव के जरिए मैच की लाइव स्ट्रीमिंग देख पाएंगे।

दोनों टीमों का स्क्वाड

इंग्लैंड: नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), टैमी ब्यूमोंट, लॉरेन बेल, माइया बाउचियर, एलिस कैप्सी, टिली कॉर्टीन-कोलमैन, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, एमी जोन्स (विकेटकीपर), हीथर नाइट, एम्मा लैंब, ग्रेस पॉट्स, ऐली थ्रेलकेल्ड, मैडी विलियर्स, ईसी वोंग।

भारत: हमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), श्री चरणी, हरलीन देयोल, क्रांति गौड़, ऋचा घोष (विकेटकीपर), स्नेह राणा, प्रिया पूनिया, जेमिमा रोड्रिग्स, सयाली सतघरे, दीप्ति शर्मा, नंदनी शर्मा, रेणुका सिंह, शैफाली वर्मा।

यह भी पढ़ें:

प्रतिका रावल इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक लॉर्ड्स टेस्ट से बाहर, रिप्लेसमेंट का हो गया ऐलान

भारतीय महिला टीम की लॉर्ड्स के स्टेडियम में होगी ऑस्ट्रेलिया से भिड़ंत, पिच को लेकर टिकी सभी की नजरे

Latest Cricket News