1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs NZ T20I सीरीज के बीच आई बुरी खबर, लॉकी फर्ग्यूसन हुए बाहर, 26 साल के धाकड़ गेंदबाज को मिला मौका

IND vs NZ T20I सीरीज के बीच आई बुरी खबर, लॉकी फर्ग्यूसन हुए बाहर, 26 साल के धाकड़ गेंदबाज को मिला मौका

भारत के खिलाफ T20I सीरीज के बाकी मुकाबलों से न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन चोट के कारण बाहर हो गए हैं। उनकी जगह 26 साल के मैट फिशर को टीम में शामिल किया गया है।

Lockie Ferguson - India TV Hindi
Image Source : AFP न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम

न्यूजीलैंड की टीम भारत के खिलाफ T20 सीरीज में चोटों की समस्या से जूझ रही है। इस बीच कीवी टीम के लिए एक और बुरी खबर आई है। तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन चोट के कारण सीरीज के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह 26 साल के तेज गेंदबाज मैट फिशर को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान मैट हेनरी को भी चोट लगी है, जिससे कीवी टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने पुष्टि की है कि फर्ग्यूसन को भारत के खिलाफ दूसरे T20 मुकाबले के दौरान दाहिने पैर की पिंडली में दर्द हुआ था। इसके बाद कराए गए स्कैन में उनकी मांसपेशियों में मामूली खिंचाव की पुष्टि हुई। उन्हें मैदान पर वापसी करने के लिए लगभग एक सप्ताह या उससे थोड़ा अधिक समय तक आराम करना पड़ सकता है। ऐसे में वह भारत के खिलाफ T20 सीरीज के शेष मुकाबलों में उपलब्ध नहीं रहेंगे।

मैट फिशर को मिला मौका

फर्ग्यूसन की जगह मैट फिशर न्यूजीलैंड की T20 टीम में शामिल होंगे। फिशर पहले से ही गेंदबाजी कवर के तौर पर वेलिंगटन में टीम के साथ मौजूद थे। अब उन्हें बाकी मुकाबलों में खेलने का मौका मिल सकता है। फिशर के T20 टीम में शामिल होने के बाद न्यूजीलैंड ए की टीम में भी बदलाव किया गया है। सेंट्रल स्टैग्स के तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल को भारत ए के खिलाफ दूसरे मैच के लिए न्यूजीलैंड ए की टीम में बुलाया गया है। वह फिशर की जगह लेंगे।

मैट हेनरी को भी लगी चोट

न्यूजीलैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज मैट हेनरी भी दूसरे T20 मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। उनके दाहिने पैर की जांघ की मांसपेशियों में दर्द की शिकायत के बाद स्कैन कराया गया, जिसमें मामूली खिंचाव सामने आया। हेनरी को ठीक होने में एक से दो सप्ताह का समय लग सकता है। हालांकि, हेनरी को पहले से तय वर्कलोड मैनेजमेंट योजना के तहत भारत के खिलाफ बाकी T20 मुकाबलों से बाहर रहना था, ताकि वह आगामी ODI सीरीज और व्यस्त इंटरनेशनल शेड्यूल के लिए खुद को तैयार रख सकें। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, भारत के खिलाफ ODI सीरीज में उनकी वापसी की योजना फिलहाल प्रभावित नहीं हुई है।

ODI सीरीज में खेल सकते हैं फर्ग्यूसन और हेनरी

न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वॉल्टर को उम्मीद है कि फर्ग्यूसन और हेनरी भारत के खिलाफ आगामी ODI सीरीज में खेल सकेंगे। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के चोटिल होने पर निराशा जताई, लेकिन कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चोटें खेल का हिस्सा हैं। वॉल्टर ने कहा कि लॉकी और मैट के चोटिल होने से हम निराश हैं। चोटें इंटरनेशनल क्रिकेट का हिस्सा हैं, लेकिन जब आपको मैचों से बाहर रहना पड़ता है, तो निराशा कम नहीं होती। उन्होंने आगे कहा कि हेनरी को पहले से ही बाकी T20 मुकाबलों में आराम दिया जाना था, क्योंकि आगे उनका शेड्यूल काफी व्यस्त है। टीम को उम्मीद है कि वह ODI सीरीज में अहम भूमिका निभाएंगे।

काइल जैमीसन को लेकर क्या है अपडेट?

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन को पहले से तय वर्कलोड मैनेजमेंट योजना के तहत फिलहाल वेलिंगटन में ही रुकना होगा। वह शनिवार को फोर्ड ट्रॉफी के दूसरे दौर में कैंटरबरी की ओर से खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसके बाद सोमवार को ODI सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की नेशनल टीम से जुड़ेंगे। इस तरह भारत के खिलाफ T20 सीरीज के बीच न्यूजीलैंड को अपने तेज गेंदबाजी विभाग में लगातार बदलाव करने पड़ रहे हैं। टीम की कोशिश होगी कि चोटिल खिलाड़ी ODI सीरीज शुरू होने से पहले फिट हो जाएं, ताकि भारत के खिलाफ अगले स्टेज में उसकी गेंदबाजी मजबूत बनी रहे।

यह भी पढ़ें:

WBBL 2026 में जेस जोनासेन के रिप्लेसमेंट का ब्रिस्बेन हीट ने किया ऐलान, धाकड़ भारतीय बल्लेबाज की हुई एंट्री

वैभव-अभिषेक की मजेदार बातचीत का सामने आया वीडियो, सूर्यवंशी ने बताया स्कोरकार्ड देख उनके गांव में लोग क्या कहते?

Latest Cricket News