A
Hindi News खेल क्रिकेट IND vs NZ T20 WC Final: संजू सैमसन के 30 रन बनाते ही पक्की हो जाएगी टीम इंडिया की ट्रॉफी, ये आंकड़ा दे रहा गवाही

IND vs NZ T20 WC Final: संजू सैमसन के 30 रन बनाते ही पक्की हो जाएगी टीम इंडिया की ट्रॉफी, ये आंकड़ा दे रहा गवाही

IND vs NZ Final: भारत और न्यूजीलैंड की टीम के बीच में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में संजू सैमसन पर सबसे ज्यादा नजरें रहने वाली हैं, जिसकी सबसे बड़ी वजह उनका शानदार फॉर्म है।

Sanju Samson- India TV Hindi Image Source : AP संजू सैमसन

भारत और न्यूजीलैंड की टीम के बीच में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। दोनों ही टीमों का सफर खिताबी मैच तक का थोड़ा उतार-चढ़ाव भरा देखने को मिला है। टीम इंडिया जिनको इस टूर्नामेंट का आगाज होने से पहले ही खिताब जीतने के प्रबल दावेदार के तौर पर देखा जा रहा था, उन्हें जब सुपर-8 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार मिली तो सभी की उम्मीदों को एक झटका भी लगा था। टीम इंडिया ने इसके बाद अपनी प्लेइंग 11 में बड़ा बदलाव करने के साथ संजू सैमसन को शामिल किया और दे फैसला पूरी तरह से सही भी साबित हुआ। संजू ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 के आखिरी मैच और उसके बाद सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार पारी खेलने के साथ टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। अब सभी की नजरें फाइनल मुकाबले में संजू सैमसन के प्रदर्शन पर टिकी हुई हैं।

संजू सैमसन को बस जीत पक्की करने के लिए करना होगा ये काम

टीम इंडिया के लिए फाइनल मुकाबले में संजू सैमसन की भूमिका सबसे ज्यादा अहम रहने वाली है। अभी तक टी20 इंटरनेशनल में संजू सैमसन ने कुल 61 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्हें 53 पारियों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला है। इस दौरान संजू सैमसन ने 27.29 के औसत से 1310 रन बनाए हैं। इस दौरान संजू सैमसन के बल्ले से तीन शतकीय और पांच अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं। संजू सैमसन का इस दौरान एक ऐसा आंकड़ा रहा है जिसने टीम इंडिया की जीत को मुकाबले में पूरी तरह से पक्का कर दिया है। संजू सैमसन ने अभी तक जिन 53 पारियों में बल्लेबाजी की है, उसमें से 13 पारियों में वह 30 या उससे अधिक रन बनाने में कामयाब रहे हैं और उन सभी में टीम इंडिया को जीत हासिल हुई है। ऐसे में सैमसन यदि फाइनल मैच में 30 या उससे अधिक रनों की पारी खेलने में कामयाब होते हैं तो टीम इंडिया का ट्रॉफी जीतना लगभग पक्का माना जा सकता है।

अभी तक इस वर्ल्ड कप में ऐसा रहा है सैमसन का प्रदर्शन

संजू सैमसन जिनकी जगह पहले इस टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में पक्की नहीं दिख रही थी, उन्होंने सुपर-8 में मौका मिलने के बाद से शानदार फॉर्म दिखाया है। सैमसन ने इस वर्ल्ड कप में अब तक चार मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 232 रन 77.33 के औसत से बनाए हैं और इस दौरान उनके बल्ले से दो अर्धशतकीय पारियां भी देखने को मिली हैं। संजू सैमसन के स्ट्राइक रेट को लेकर बात की जाए तो वह 200 से अधिक का देखने को मिला है।

ये भी पढ़ें

T20 World Cup 2026 Prize Money: फाइनल जीतने वाली टीम हो जाएगी मालामाल, टोटल प्राइज मनी 120 करोड़ रुपये

T20 ​विश्व कप 2026 जीतते ही टीम इंडिया बनाएगी 3 वर्ल्ड रिकॉर्ड, अभी तक कभी नहीं हुआ ऐसा कमाल

Latest Cricket News