टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मैच आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होना है। शाम सात बजे से मुकाबला शुरू हो जाएगा। इससे पहले हम आपको यहां ये बता रहे हैं कि अगर टीम इंडिया ने आज का मैच जीता और चैंपियन बनी तो तीन विश्व रिकॉर्ड बन जाएंगे। जो काम टी20 विश्व कप के इतिहास में कभी नहीं हुआ, क्या टीम इंडिया वो कमाल करने में कामयाब होगी, ये आने वाले कुछ घंटे बता देंगे। चलिए आपको बताते हैं कि वो विश्व कीर्तिमान कौन से हैं।
इस साल का टी20 विश्व कप भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जा रहा है। श्रीलंका की टीम तो दूसरे राउंड के बाद बाहर हो गई, लेकिन टीम इंडिया फाइनल में हैं और उसके पास खिताब जीतने का भी मौका है। टी20 विश्व कप के इतिहास में कभी ऐसा नहीं हुआ कि कोई होस्ट यानी मेजबान देश खिताब जीतने में कामयाब हुआ हो। ये दसवां टी20 विश्व कप है, अभी तक जो 9 फाइनल हुए हैं, उसमें कभी मेजबान देश फाइनल नहीं जीत पाया है। अगर आज का मैच टीम इंडिया जीत गई तो इतिहास बन जाएगा। आपको याद दिला दें कि साल 2011 से पहले कभी ऐसा नहीं हुआ था कि वनडे विश्व कप किसी मेजबान देश ने जीता हो, लेकिन भारत ने उस साल खिताब जीतकर इस परम्परा को तोड़ा था, अब देखना होगा कि क्या वनडे की तरह टी20 में भी टीम ऐसा कुछ कमाल कर पाएगी।
अब तक जो 9 आईसीसी टी20 विश्व कप हुए हैं, उसमें कभी ऐसा नहीं हुआ कि किसी टीम ने बैक टू बैक दो बार इस खिताब को अपने नाम किया हो। यानी लगातार दो बार किसी भी टीम ने विश्व कप नहीं जीता। भारतीय टीम ने साल 2024 में टी20 विश्व कप जीता था और अब फिर से फाइनल में है। अगर आज भारत ने जीत दर्ज की तो पहली बार ऐसा होगा कि जब कोई टीम दो बार लगातार इस ट्रॉफी को जीतने में कामयाब होगा। ये भी अपने आप में एक कीर्तिमान है।
टी20 विश्व कप के इतिहास में कुल मिलाकर तीन टीमें ऐसी हैं, जो दो दो बार टी20 विश्व कप जीत चुकी हैं। उसमें भारत के अलावा इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की टीमें हैं। वेस्टइंडीज और इंग्लैंड की टीमें तो बाहर हैं। अब भारत के पास मौका है कि न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीतने। ये भी एक विश्व रिकॉर्ड होगा। जो टीम इंडिया जरूर बनाना चाहेगी।
यह भी पढ़ें
संपादक की पसंद