राइजिंग एशिया कप 2026 के शेड्यूल का ऐलान, जानिए किस दिन होगा IND vs PAK महामुकाबला
एशियन क्रिकेट काउंसिल ने राइजिंग एशिया कप 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया है। दोहा में 19 से 29 नवंबर तक होने वाले टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है।

एशिया कप में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत का इंतजार क्रिकेट फैंस को हमेशा रहता है। अब एक बार फिर दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमें आमने-सामने होंगी। एशियन क्रिकेट काउंसिल यानी ACC ने राइजिंग एशिया कप 2026 के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। कतर की राजधानी दोहा में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। दोनों टीमों के बीच मुकाबला 22 नवंबर को खेला जाएगा।
टूर्नामेंट का आयोजन 19 से 29 नवंबर तक होगा। भारत और पाकिस्तान के अलावा नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात भी इसी ग्रुप में शामिल हैं। दोनों टीमों के बीच होने वाला मुकाबला वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच पर फैंस की खास नजरें रहेंगी, क्योंकि भारत और पाकिस्तान के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मौका मिलेगा।
अगले महीने टूर्नामेंट का आयोजन
राइजिंग एशिया कप में आमतौर पर टीमें अपने ए स्क्वॉड के साथ उतरती हैं। इस टूर्नामेंट का मकसद युवा और उभरते खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता साबित करने का मौका देना है। टूर्नामेंट के ज्यादातर मुकाबले वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होंगे, जबकि कुछ मैच यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यानी UDST क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जाएंगे।
टूर्नामेंट का आगाज 19 नवंबर को बांग्लादेश और हांगकांग के मुकाबले से होगा। इसी दिन श्रीलंका और अफगानिस्तान की टीमें भी आमने-सामने होंगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगा। इसके बाद 22 नवंबर को उसका सामना पाकिस्तान से होगा। भारतीय टीम 24 नवंबर को UAE के खिलाफ ग्रुप स्टेज का अपना आखिरी मुकाबला खेलेगी। सेमीफाइनल मुकाबले 26 और 27 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल 29 नवंबर को होगा। खिताबी मुकाबला वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
राइजिंग एशिया कप 2026 का पूरा शेड्यूल
- 19 नवंबर: बांग्लादेश vs हांगकांग, सुबह 11:30 बजे
- 19 नवंबर: श्रीलंका vs अफगानिस्तान, दोपहर 3:30 बजे
- 20 नवंबर: पाकिस्तान vs UAE, सुबह 11:30 बजे
- 20 नवंबर: भारत vs नेपाल, दोपहर 3:30 बजे
- 21 नवंबर: श्रीलंका vs हांगकांग, सुबह 11:30 बजे
- 21 नवंबर: बांग्लादेश vs अफगानिस्तान, दोपहर 3:30 बजे
- 22 नवंबर: UAE vs नेपाल, सुबह 11:30 बजे
- 22 नवंबर: भारत vs पाकिस्तान, दोपहर 3:30 बजे
- 23 नवंबर: अफगानिस्तान vs हांगकांग, सुबह 11:30 बजे
- 23 नवंबर: श्रीलंका vs बांग्लादेश, दोपहर 3:30 बजे
- 24 नवंबर: भारत vs UAE, सुबह 11:30 बजे
- 24 नवंबर: पाकिस्तान vs नेपाल, दोपहर 3:30 बजे
- 26 नवंबर: पहला सेमीफाइनल, दोपहर 3:30 बजे
- 27 नवंबर: दूसरा सेमीफाइनल, दोपहर 3:30 बजे
- 29 नवंबर: फाइनल, दोपहर 3:30 बजे
पिछले संस्करण में भारत को सेमीफाइनल में मिली थी हार
राइजिंग एशिया कप के पिछले संस्करण में भारत ए ने शानदार शुरुआत की थी, लेकिन टीम खिताब तक पहुंचने में नाकाम रही। भारत ने अपने पहले मुकाबले में UAE को 148 रन से हराया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में चार विकेट पर 297 रन बनाए थे। जवाब में UAE की टीम सात विकेट पर 149 रन ही बना सकी थी। हालांकि, दूसरे मुकाबले में भारत ए को पाकिस्तान ए के खिलाफ आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 136 रन पर सिमट गई थी। पाकिस्तान ने 13.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इसके बाद भारत ने ओमान को 6 विकेट से हराकर वापसी की और सेमीफाइनल में जगह बनाई।
सेमीफाइनल में भारत ए का सामना बांग्लादेश ए से हुआ। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 194 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम भी निर्धारित 20 ओवर में बराबर स्कोर तक पहुंच गई, जिसके बाद मुकाबले का फैसला सुपर ओवर से हुआ। इसमें बांग्लादेश ने बाजी मारते हुए भारत को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
पाकिस्तान ए ने जीता था पिछला खिताब
पिछले संस्करण में पाकिस्तान ए ने खिताब अपने नाम किया था। टीम ने दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका ए को पांच रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान ए और बांग्लादेश ए दोनों ने 125 रन बनाए, जिसके बाद मैच का नतीजा सुपर ओवर से निकला। पाकिस्तान ने दबाव में बेहतर प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी जीत ली थी। अब 2026 के संस्करण में भारत ए के सामने पिछले प्रदर्शन से आगे निकलने की चुनौती होगी। खास तौर पर पाकिस्तान के खिलाफ 22 नवंबर को होने वाला मुकाबला टीम के लिए अहम रहेगा। हालांकि, खिताब तक पहुंचने के लिए भारतीय खिलाड़ियों को ग्रुप स्टेज के बाद सेमीफाइनल और फाइनल में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
यह भी पढ़ें:
तिलक-नीतीश ने ध्वस्त किया 17 साल पुराना रिकॉर्ड, इस मामले में बन गई नंबर-1 भारतीय जोड़ी