ACC Men's Asia Cup Rising Stars 2025: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 के विजेता का फैसला हो गया है। पाकिस्तान ने रोमांचक फाइनल में बांग्लादेश को हराकर खिताब जीत लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम बांग्लादेशी गेंदबाजों के सामने सिर्फ 125 रनों पर ढेर हो गई। जवाब में बांग्लादेश की टीम भी निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 125 रन बना सकी। इस तरह मैच सुपर ओवर में चला गया, जहां पाकिस्तान ने बाजी मारते हुए खिताब अपनी झोली में कर लिया।
सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की टीम ने 6 रन का स्कोर बनाया। इसके बाद पाकिस्तान-ए के बल्लेबाज शाद मसूद और माज सदाकत ने मिलकर 4 गेंदों में 7 रन का टारगेट हासिल कर लिया। बता दें, पहले इस टूर्नामेंट को ACC इमर्जिंग एशिया कप के नाम से जाना जाता था, लेकिन इस बार से टूर्नामेंट का नाम एशिया कप राइजिंग स्टार्स कर दिया गया। पाकिस्तान ने तीसरी बार यह टूर्नामेंट जीता है। इससे पहले टीम साल 2019 और 2023 में चैंपियन बनी थी।
पाकिस्तान की पारी 125 रन पर सिमटी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की ए टीम का आगाज बेहद खराब रहा। 2 रन के स्कोर पर ही टीम के 2 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। विकेट गिरने का सिलसिला लगातार जारी रहा और 10.4 ओवर में आधी टीम 64 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गई। इसके बाद शाद मसूद और शाहिद अजीज ने मिलकर पारी को संभाला और 7वें विकेट के लिए 24 गेंदों पर शानदार 41 रनों की साझेदारी की। इस तरह पाकिस्तान की टीम 125 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब हो सकी।
बांग्लादेश का सपना टूटा
बांग्लादेश की ओर से रिपन मोंडोल ने कमाल की गेंदबाजी की। रिपन मोंडोल ने 19वें ओवर में पाकिस्तान के 3 बल्लेबाजों का शिकार किया। पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन शाद मसूद ने बनाए। मसूद ने 26 गेंदों पर 3 चौके और 3 छक्कों की मदद से 38 रनों की पारी खेली। वहीं, अराफात मिन्हास ने 25 और माज सदाकत ने 23 रनों का योगदान दिया। पाकिस्तान के 3 बल्लेबाज डक पर पवेलियन लौटे। पाकिस्तान के 125 रनों का पीछा करते हुए एक समय बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। पुछल्ले बल्लेबाज रकीबुल हसन (24), अब्दुल गफ्फार सकलैन (नाबाद 16) और रिपन मोंडोल (नाबाद 11) ने तूफानी बैटिंग करते हुए स्कोर बराबर कर दिया। हालांकि, सुपर ओवर में तीनों बल्लेबाजों की मेहनत पर पानी फिर गया। पाकिस्तान की ओर से सुफियान मुकीम ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए। अराफात मिन्हास और अहमद दानियाल को 2-2 सफलता मिली।
यह भी पढ़ें:
सेलेक्टर्स ने ODI सीरीज के लिए नहीं चुना कोई उपकप्तान, जानें पहले कौन निभा रहा था ये जिम्मेदारी
कप्तान सहित चार खिलाड़ी हुए बाहर, पिछली ODI सीरीज से इतनी बदल गई टीम इंडिया