पाकिस्तान ने बल्ले और गेंद दोनों से दमदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका के खिलाफ T20I सीरीज पर कब्जा जमा लिया है। रावलपिंडी में खेले गए दूसरे T20I मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 215 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और फिर श्रीलंका को 133/7 पर रोककर 82 रन से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। इस मैच में पाकिस्तान की टीम ने T20I क्रिकेट में अपना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया।
पाकिस्तान की इस बड़ी जीत के नायक माज सदाकत और कप्तान साहिबजादा फरहान रहे। दोनों ने श्रीलंकाई फील्डरों की गलतियों का भरपूर फायदा उठाया और तूफानी अर्धशतक जड़े। सदाकत ने 51 गेंदों पर 96 रन बनाए, जबकि फरहान ने 73 रन की पारी खेली। दोनों ने लगातार दूसरे मैच में तेज अर्धशतक लगाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। पाकिस्तान का T20I क्रिकेट में सर्वोच्च स्कोर 232/6 रन है, जो उसने 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। श्रीलंका के खिलाफ 215/3 का स्कोर इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर है।
कैच छोड़ने की श्रीलंका को चुकानी पड़ी भारी कीमत
पाकिस्तान की पारी के दौरान श्रीलंका की खराब फील्डिंग ने उसकी मुश्किलें बढ़ा दीं। पावरप्ले में मिले जीवनदान का फरहान और सदाकत ने पूरा फायदा उठाया। फरहान जब 11 रन पर थे, तब सिनेत जयवर्धने ने उनका आसान कैच छोड़ दिया। इससे पहले महीश तीक्षणा ने भी बिनुरा फर्नांडो के ओवर में फरहान का मुश्किल कैच टपका दिया था। इन गलतियों के बाद फरहान ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए अपनी पारी में पांच छक्के और चार चौके लगाए। वह 15वें ओवर में दासुन शनाका की गेंद पर बाउंड्री के पास कैच आउट हुए।
दूसरी ओर, सदाकत को भी किस्मत का साथ मिला। 44 रन के निजी स्कोर पर नुवान तुषारा उनका रिटर्न कैच नहीं पकड़ सके। इसके बाद सदाकत ने तेजी से रन बनाते हुए सात छक्के और छह चौके जड़े। वह अपना शतक पूरा करने से सिर्फ चार रन दूर रह गए। पारी के आखिरी ओवर की अंतिम गेंद पर इशान मलिंगा ने उन्हें डीप कवर पर कैच आउट कराया।
इमरान की घातक गेंदबाजी से बिखरी श्रीलंका
216 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत खराब रही। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज सलमान मिर्जा ने पहले ही ओवर में लाहिरू उदारा को विकेटकीपर के हाथों कैच आउट करा दिया। इसके बाद अपना दूसरा T20I मुकाबला खेल रहे मोहम्मद इमरान ने श्रीलंकाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उन्होंने सिनेथ जयवर्धने (22), कप्तान कुसल मेंडिस (9) और सहान अराचिगे (0) को जल्दी-जल्दी आउट कर दिया। आठवें ओवर तक श्रीलंका का स्कोर 49 रन पर चार विकेट हो गया और टीम इस झटके से उबर नहीं सकी।
महीश तीक्षणा ने नाबाद 32 रन बनाए, जबकि चमिंदु विक्रमसिंघे ने 24 गेंदों पर 29 रन का योगदान दिया। हालांकि, उनकी कोशिशें टीम को जीत के करीब नहीं पहुंचा सकीं। इमरान ने अपने चार ओवर के स्पेल में महज 11 रन देकर तीन विकेट झटके। श्रीलंका को विदेशी धरती पर लगातार तीसरे T20I सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले उसे वेस्टइंडीज के खिलाफ 1-2 से हार मिली थी, जबकि इंग्लैंड ने उसे 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला 13 को रावलपिंडी में खेला जाएगा। इसके बाद पाकिस्तान, श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच अगले रविवार से ODI ट्राई सीरीज शुरू होगी।
यह भी पढ़ें:
अजीबोगरीब तरीके से रन आउट हुए तिलक वर्मा, चौका समझकर रुक गए थे दोनों बल्लेबाज, देखें VIDEO