1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. विपक्ष का सुप्रीम कोर्ट मार्च आज, दिल्ली मेट्रो के 6 स्टेशन शाम 4 बजे तक बंद, सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला

विपक्ष का सुप्रीम कोर्ट मार्च आज, दिल्ली मेट्रो के 6 स्टेशन शाम 4 बजे तक बंद, सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला

 Written By: Niraj Kumar
 Published : Oct 12, 2026 07:01 am IST,  Updated : Oct 12, 2026 08:32 am IST

जहां एक ओर विपक्ष की ओर से आज सुप्रीम कोर्ट मार्च का ऐलान किया गया है वहीं दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने 6 मेट्रो स्टेशनों पर सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक एंट्री और एग्जिट बंद कर दिया है।

Delhi Metro- India TV Hindi
दिल्ली मेट्रो Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो से सफर करने वालों को आज परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली मेट्रो के 6 स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद शाम चार बजे तक बंद रहेगी। हलांकि इंटरचेंज की सुविधा रहेगी जारी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। दिल्ली मेट्रो की ओर से इस संबंध में जानकारी शेयर की गई है। बता दें कि आज दिल्ली में विपक्ष का सुप्रीम कोर्ट मार्च है, वहीं सीजेपी भी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरेगी।

DMRC ने दी ये जानकारी

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की ओर से आज सुबह 6 बजे से राजीव चौक समेत 6 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद ( यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक रहेगी) रखने का फैसला लिया गया है। दिल्ली मेट्रो की ओर से जारी सर्विस अपडेट के अनुसार इस दौरान पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय और बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट बंद रहेंगे।

ये मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे

  1. पटेल चौक
  2. जनपथ
  3. राजीव चौक
  4. मंडी हाउस
  5. सेंट्रल सेक्रेटेरिएट
  6. बाराखंबा रोड

हालांकि, इन सभी स्टेशनों पर यात्रियों को मेट्रो बदलने यानी इंटरचेंज की सुविधा मिलती रहेगी। हालात की सुरक्षा एजेंसियां समीक्षा करेंगी और उसके अनुसार आगे की जानकारी शेयर की जाएगी। दिल्ली मेट्रो की ओर से यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा करने से पहले अपने रूट की जानकारी लें और उसी के मुताबिक घर से निकलें।

दरअसल, इन मेट्रो स्टेशनों को इसलिए बंद कराया गया है ताकि प्रदर्शनकारी नई दिल्ली इलाके में प्रदर्शन करने के लिए नहीं पहुंच सकें। पुलिस ने साफ कर दिया है कि नई दिल्ली इलाके में BNS की धारा 163 लागू है अगर कोई भी शख्स प्रदर्शन करने आता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।

इंडिया ब्लॉक का आज सुप्रीम कोर्ट मार्च

बता दें कि आज राजधानी दिल्ली में इंडिया गठबंधन के नेता SIR के मुद्दे और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर उतरेंगे। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आज चलो दिल्ली कॉल दी है। राहुल ने ऐलान किया है कि आज शाम इंडिया ब्लॉक के नेता सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे। लेकिन सूत्रों की मानें तो CJI ने इंडिया ब्लॉक के नेताओं को समय देने से इनकार कर दिया है। वहीं कॉकरोच जनता पार्टी के नेता भी आज संसद मार्ग थाने जाएंगे। CJP नेता दिल्ली पुलिस से जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट करने के लिए नई तारीख की मांग करनेवाले हैं।

बता दें कि सीजेपी की ओर से 10 अक्तूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया गया था लेकिन पुलिस-प्रशासन की ओर से इसकी इजाजत नहीं दी गई थी। बड़ी संख्या में जंतर-मंतर के पास पुलिस-फोर्स को तैनात कर दिया गया था। सीजेपी नेताओं अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट पर ही प्रिवेंटिव अरेस्ट कर लिया था। बाद में रविवार को शर्तों के साथ इन्हें छोड़ दिया गया।

ये भी पढ़ें:

दिल्ली में आज सड़कों पर लग सकता है जाम! 30 जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन की संभावना; घर से निकलने से पहले पढ़ें एडवाइजरी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।