A
Hindi News खेल क्रिकेट IND vs PAK: टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में 6 बार की है पहले बल्लेबाजी, इतनी बार मिली जीत

IND vs PAK: टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में 6 बार की है पहले बल्लेबाजी, इतनी बार मिली जीत

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है, जिसमें टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रनों का स्कोर बनाया है। वहीं इससे पहले भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में 6 बार पहले बल्लेबाजी की है।

IND vs PAK- India TV Hindi Image Source : AP भारत बनाम पाकिस्तान

भारत और पाकिस्तान के बीच में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-ए का अहम मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की तरफ से स्पिन के लिए मददगार पिच पर शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 175 रनों का स्कोर बनाया है। वहीं टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम ने इससे पहले 6 बार पाकिस्तानी टीम के खिलाफ पहले बल्लेबाजी की है, जिसमें से वह चार बार मुकाबले को अपने नाम किया है, तो उन्हें सिर्फ दो बार हार का सामना करना पड़ा है।

टीम इंडिया का पहले बल्लेबाजी करते हुए दिखा है दबदबा

भारत और पाकिस्तान के बीच में टी20 इंटरनेशनल में पहला मुकाबला साल 2007 के वर्ल्ड कप में खेला गया था, जिसमें टीम इंडिया ने मैच टाई होने के बाद बॉल आउट में अपने नाम किया था। इसके बाद इसी वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में भी टीम इंडिया का सामना पाकिस्तानी टीम से हुआ। इस खिताबी मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 157 रनों का स्कोर बनाया था, जिसके बाद पाकिस्तानी टीम टारगेट का पीछा करते हुए 5 रनों से मुकाबला हार गई थी। भारत और पाकिस्तान के बीच साल 2013-14 में टी20 सीरीज खेली गई जिसमें पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 133 रनों का स्कोर बनाया था, जिसके बाद पाकिस्तानी टीम इस मैच को 5 विकेट से जीतने में कामयाब रही थी।

साल 2012 में भारत और पाकिस्तान के बीच में टी20 इंटरनेशनल सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अहमदाबाद के मैदान पर 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 192 रनों का स्कोर बनाया था। इसके बाद पाकिस्तानी टीम टारगेट का पीछा करते हुए 181 के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी और उसे 11 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। भारत और पाकिस्तान के बीच साल 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में खेले गए मैच में पाकिस्तानी टीम ने 5 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया था। साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच न्यूयॉर्क के मैदान पर खेले गए मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 119 रनों का स्कोर बनाया था और पाकिस्तानी टीम टारगेट का पीछा करते हुए 113 रन ही बनाने में कामयाब हो सकी जिसमें उन्हें 6 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ बनाया अपना सर्वाधिक स्कोर

भारतीय टीम ने कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रनों का स्कोर बनाया है, जो उनका अब तक किसी भी टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी टीम के खिलाफ मैच में सबसे ज्यादा स्कोर है। इस मैच में ईशान किशन ने टीम इंडिया को इस स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की जिसमें उनके बल्ले से 77 रनों की पारी देखने को मिली।

ये भी पढ़ें

IND vs PAK: टीम इंडिया ने किया बड़ा कारनामा, पाकिस्तान के खिलाफ बनाया टी20 वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा स्कोर

IND vs PAK: ईशान किशन की तूफानी बल्लेबाजी, कोहली-उथप्पा वाले स्पेशल क्लब में बनाई जगह

Latest Cricket News