1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs PAK: मोहम्मद शमी को पीछे छोड़ देंगे जसप्रीत बुमराह, बस करना होगा ये छोटा सा काम

IND vs PAK: मोहम्मद शमी को पीछे छोड़ देंगे जसप्रीत बुमराह, बस करना होगा ये छोटा सा काम

जसप्रीत बुमराह पाकिस्तान के खिलाफ गेंद से कहर बरपाने के लिए तैयार हैं। इस मैच में बुमराह के निशाने पर मोहम्मद शमी के आंकड़े को पीछे छोड़ने का बेहतरीन मौका होगा।

Jasprit Bumrah - India TV Hindi
Image Source : PTI भारतीय क्रिकेट टीम

एशिया कप 2025 का सुपर-4 मुकाबला 21 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मैच में सभी की नजरें टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पर टिकी होंगी। बुमराह ने ग्रुप स्टेज में शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने UAE के खिलाफ 19 रन देकर 1 विकेट लिया था, जबकि पाकिस्तान के खिलाफ पहले मुकाबले में 28 रन देकर अहम विकेट चटकाए थे। हालांकि, ओमान के खिलाफ मैच में उन्हें आराम दिया गया था। अब पाकिस्तान के खिलाफ बुमराह के पास अपनी धारदार गेंदबाजी से टीम इंडिया को एक और बड़ी जीत दिलाने का सुनहरा मौका होगा।

बुमराह के पास इस मैच में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का भी शानदार मौका है। अगर वह पाकिस्तान के खिलाफ 3 विकेट हासिल कर लेते हैं, तो वह इंटरनेशनल क्रिकेट में मोहम्मद शमी को पीछे छोड़ देंगे। अभी बुमराह भारत की ओर से इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में 9वें स्थान पर हैं। 3 विकेट चटकाते ही वह शमी को पछाड़कर 8वें पायदान पर पहुंच जाएंगे।

मोहम्मद शमी छूट जाएंगे पीछे

 बुमराह भारत की ओर से इंटरनेशनल क्रिकेट में 5वें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो जसप्रीत बुमराह ने अब तक 209 इंटरनेशनल मैचों में कुल 460 विकेट अपने नाम किए हैं। वहीं, मोहम्मद शमी ने 197 मैचों में 462 विकेट हासिल किए हैं। ऐसे में बुमराह को शमी से आगे निकलने के लिए महज तीन विकेट की दरकार है। 

इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज 

  • अनिल कुंबले - 956
  • आर अश्विन - 765
  • हरभजन सिंह - 711
  • कपिल देव - 687
  • रवींद्र जडेजा - 615
  • जहीर खान - 610
  • जवागल श्रीनाथ - 551
  • मोहम्मद शमी - 462
  • जसप्रीत बुमराह - 460

गौरतलब है कि मोहम्मद शमी लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। ऐसे में बुमराह का एशिया कप 2025 के दौरान ही उन्हें पीछे छोड़ना लगभग तय माना जा रहा है। पाकिस्तान जैसी बड़ी टीम के खिलाफ इस रिकॉर्ड को हासिल करना बुमराह के करियर को और खास बना देगा। बुमराह ने T20I क्रिकेट में अभी तक 92 विकेट अपने नाम किए हैं। इस टूर्नामेंट में उनके पास अपने 100 विकेट पूरे करने का शानदार मौका होगा।

यह भी पढ़ें:

भारत के खिलाफ मैच से पहले पाकिस्तानी टीम ने क्यों नहीं की प्रेस कॉन्फ्रेंस? PCB चीफ ने दिया ऐसा जवाब

बांग्लादेश ने रोमांचक मैच में श्रीलंका को हराया, आखिरी ओवर में आया मैच का नतीजा

Latest Cricket News