1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs PAK: भारत के खिलाफ अब तक नहीं खेले हैं ये 8 पाकिस्तानी खिलाड़ी, यहां देखें पूरी लिस्ट

IND vs PAK: भारत के खिलाफ अब तक नहीं खेले हैं ये 8 पाकिस्तानी खिलाड़ी, यहां देखें पूरी लिस्ट

एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान का आमना-सामना होने जा रहा है। 14 सितंबर को दोनों टीमों के बीच दुबई में टक्कर होगी।

IND vs PAK- India TV Hindi
Image Source : AP पाकिस्तान क्रिकेट टीम

एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान की टीमें रविवार 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में ग्रुप-ए मुकाबले में आमने-सामने होंगी। पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच यह पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होगा। राजनीतिक और कूटनीतिक तनाव के बीच यह मैच खिलाड़ियों और फैन्स दोनों के लिए बेहद खास रहने वाला है।

भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीमें जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज कर चुकी हैं। भारत ने अपने पहले मैच में यूएई को मात्र 57 रन पर ढेर कर दिया, जो किसी भी टीम का भारत के खिलाफ सबसे कम स्कोर है। दूसरी ओर, पाकिस्तान ने ओमान को हराकर टूर्नामेंट की शुरुआत की। पाक बल्लेबाजों का प्रदर्शन औसत रहा और टीम ने 160/7 का स्कोर बनाया। हालांकि, स्पिनरों ने दमदार प्रदर्शन किया—मोहम्मद नवाज, सैम अयूब, अबरार अहमद और सूफियान मुकीम ने मिलकर 6 विकेट झटके।

भारत के खिलाफ पहली बार खेलेंगे ये पाकिस्तानी खिलाड़ी

पाकिस्तान अब दुनिया की नंबर-1 टीम भारत के खिलाफ और कठिन चुनौती का सामना करेगा। वहीं, भारत-पाकिस्तान मैच हमेशा मानसिक दबाव के साथ खेले जाते हैं, जिससे मुकाबले का रोमांच और बढ़ जाता है। ऐसे में आइए जानते हैं, उन पाकिस्तानी खिलाड़ियों के बारें में, जो अब तक भारतीय टीम के खिलाफ नहीं खेले हैं....

  • सैम अयूब: सैम अयूब पाकिस्तान के ओपनिंग बल्लेबाज और पार्ट-टाइम ऑफ स्पिनर हैं। अयूब अब तक भारत के खिलाफ नहीं खेले हैं। 
  • साहिबजादा फरहान: मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज फरहान ने 2018 में डेब्यू किया था और 2024 में टीम में वापसी की। वह पहली बार भारत का सामना करेंगे। 
  • मोहम्मद हारिस: मोहम्मद हारिस आक्रामक विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं और अब तक 29 T20I और 6 ODI मैचों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, लेकिन भारत के खिलाफ कभी नहीं खेले हैं।
  • हसन नवाज: हार्ड-हिटर बल्लेबाज, जिन्होंने छोटे से अपने T20 करियर में ही सबका ध्यान खींचा है। वह भारत के खिलाफ पहली बार खेलने उतरेंगे।
  • सूफियान मुकीम: लेफ्ट-आर्म स्पिनर अबरार अहमद पाकिस्तान के स्पिन अटैक की रीढ़ हैं और पहली बार भारत के खिलाफ खेलते नजर आएंगे।
  • हुसैन तलत: ऑलराउंडर हुसैन तलत को गेंदबाजी से ज्यादा बल्लेबाजी में मौके मिले हैं। हुसैन भारत के खिलाफ अभी तक नहीं खेले हैं।
  • मोहम्मद वसीम जूनियर: तेज गेंदबाज मोहम्मद वसीम एक साल से ज्यादा लंबे समय के बाद अपना पहला T20I खेलने के लिए तैयार हैं। वसीम भी पहली बार भारत का सामना करेंगे।
  • सलमान मिर्जा: लेफ्ट-आर्म तेज गेंदबाज ने सलमान मिर्जा ने हाल ही में पाकिस्तान के लिए डेब्यू किया है। वह पांच T20I खेल चुके हैं, लेकिन भारत के खिलाफ अभी तक नहीं खेले हैं।

यह भी पढ़ें

Asia Cup 2025: श्रीलंका ने धमाकेदार जीत के साथ किया आगाज, बांग्लादेश को 6 विकेट से दी मात

पाकिस्तान के खिलाफ अर्शदीप सिंह को मौका मिलना मुश्किल, फील्डिंग कोच की बातों से लगभग हुआ साफ

Latest Cricket News