IND vs PAK: ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को होने वाले ग्रुप स्टेज मुकाबले को लेकर नया अपडेट सामने आया है। पाकिस्तान द्वारा IND vs PAK मैच के बहिष्कार के फैसले के बावजूद भारतीय टीम तय कार्यक्रम के अनुसार श्रीलंका जाएगी और ICC प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करेगी।BCCI से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, टीम इंडिया कोलंबो पहुंचकर मैच से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी करेगी और फिर मैच रेफरी के आधिकारिक फैसले का इंतजार करेगी।
सूत्रों ने बताया कि टीम इंडिया श्रीलंका जाएगी और ICC के सभी नियमों का पालन करेगी। टीम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यास करेगी, प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होगी, तय समय पर कोलंबो के एसएससी क्रिकेट ग्राउंड पहुंचेगी और वहां मैच रेफरी के मैच रद्द करने के फैसले का इंतजार करेगी। BCCI के सूत्रों ने ANI को यह जानकारी दी।
पाकिस्तान करेगा IND vs PAK मैच का बहिष्कार
पाकिस्तान ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वह 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले ग्रुप स्टेज मुकाबले में मैदान पर नहीं उतरेगा। पाकिस्तान सरकार ने X पर बयान जारी करते हुए कहा था कि पाकिस्तान टीम भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी, हालांकि इसके पीछे कोई ठोस वजह नहीं बताई गई।
पाकिस्तान सरकार ने अपने पोस्ट में कहा कि पाकिस्तान की सरकार ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने की मंजूरी दी है, लेकिन 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में टीम मैदान पर नहीं उतरेगी। अब भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर सबकी नजरें ICC और मैच रेफरी के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।
भारत का पाकिस्तान पर रिकॉर्ड शानदार
बता दें कि पाकिस्तान ने पिछले महीने ही T20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया था। यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाना है। वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। हाल ही में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज को 4-1 से अपने नाम की थी। वहीं, ICC T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पाकिस्तान का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक आठ मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से सात में भारत को जीत मिली है, जबकि पाकिस्तान सिर्फ एक बार जीत सका है। ऐसे में कुछ लोगों का मानना है कि पाकिस्तान ने हार के डर से भारत के खिलाफ नहीं खेलने का फैसला किया है।
यह भी पढ़ें
T20 WC: पाकिस्तान को भारी पड़ेगा अड़ियल रवैया, मैच बॉयकॉट करने से भारत को होगा ये फायदा
बड़ी खबर, T20 WC 2026 में खेलेगा पाकिस्तान, लेकिन भारत के खिलाफ मैच में नहीं लेगा हिस्सा
Latest Cricket News