भारत और पाकिस्तान के बीच आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 का मुकाबला 14 जून यानी रविवार को खेला गया था। इस दौरान पाकिस्तानी टीम को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। अब हार के बाद आईसीसी ने एक और सजा सुना दी है, जिससे टीम के होश ही उड़ गए हैं। मैच के दौरान की गई लापरवाही का खामियाजा अब उसे उठाना पड़ रहा है।
भारत ने पाकिस्तान को 64 रनों के बड़े अंतर से दी थी मात
आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 का आयोजन इस वक्त इंग्लैंड में किया जा रहा है। इसका आगाज 12 जून को हुआ था, लेकिन भारत और पाकिस्तान ने अपना पहला मैच 14 जून को एक दूसरे खिलाफ खेला। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय महिला टीम ने 20 ओवर में छह विकेट पर 170 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। जब पाकिस्तान की महिला टीम लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो पूरी टीम 17 ओवर में केवल 106 रन ही बना सकी और आउट हो गई। भारत ने इस मैच को 64 रन के बड़े अंतर से अपने नाम किया था।
स्मृति मंधान ने की शानदार बल्लेबाज, दीप्ति शर्मा ने चटकाए 5 विकेट
भारत की सलामी बल्लेबाज और उपकप्तान स्मृति मंधान ने 44 बॉल पर शानदार 68 रनों की पारी खेली थी। उन्होंने 9 चौके और दो छक्के लगाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 35 बॉल पर 36 रन बनाए। रिचा घोष में आखिर में आकर 17 बॉल पर 34 रन बनाने का काम किया। उन्होंने 200 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। यही वजह रही कि टीम इंडिया इतना बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रही। इसके बाद जब गेंदबाजों की बारी आई तो दीप्ति शर्मा ने अकेले ही चार ओवर में 10 रन देकर पांच पाकिस्तानी बल्लेबाजों को आउट कर दिया। श्रीचारणी को तीन और शेफाली वर्मा को भी एक एक सफलता मिली।
आईसीसी ने पाकिस्तान को माना स्लो ओवर रेट का दोषी, मैच फीस की 5 फीसदी रकम कटेगी
इस बीच जब मैच चल रहा था, तब पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना एक गलती कर बैठीं। टीम ने काफी देर में अपने ओवर पूरे किए। आईसीसी ने टीम को स्लो ओवर रेट का दोषी माना है। इसलिए उस पर मैच फीस का 5 फीसदी जुर्माना लगाया गया है। जब 20 ओवर पूरे हो जाने चाहिए थे, तब टीम ने एक ओवर कम फेंका था, इसलिए ये एक्शन लिया गया है। पाकिस्तान की कप्तान ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। इसलिए इस मामले में अब और आगे सुनवाई की जरूरत नहीं है।
यह भी पढ़ें
ODI World Cup 2027 की तैयारी, क्या होगा प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव, यशस्वी जायसवाल और कुलदीप को बैठना होगा बाहर!
एक दिन में टीम इंडिया खेलेगी 3 मुकाबले, सुबह से शाम तक एक्शन, नोट कीजिए मैच शुरू होने का वक्त
Latest Cricket News