वनडे विश्व कप 2027 अब ज्यादा दूर नहीं है, ये अगले ही साल होना है। इसके लिए टीमों की तैयारी शुरू हो चुकी है। भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज इसी का हिस्सा है। भारतीय टीम पहला मैच आसानी से जीत चुकी है। अब शुभमन गिल एंड कंपनी की नजर दूसरे मुकाबले पर है। लेकिन सवाल ये है कि क्या कप्तान अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव करेंगे या फिर विनिंग कॉबिनेशन के साथ ही जाएंगे।
रोहित शर्मा का बल्ला सीरीज के पहले मैच में नहीं चला, अब खेलनी होगी बड़ी पारी
अगले वनडे विश्व कप में अब करीब डेढ़ साल का वक्त है। इससे पहले टीम इंडिया के पास पर्याप्त वनडे मैच हैं। कोशिश ये होनी चाहिए कम से कम अभी अलग अलग कॉबिनेशन को आजमाया जाए, ताकि आखिरी के कुछ मैचों में आप अपनी सबसे मजबूत टीम लेकर मैदान में जाएं। सलामी जोड़ी के तौर पर खुद कप्तान शुभमन गिल और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा उतरेंगे। रोहित के लिए ये वक्त बहुत अहम है। उनकी फिटनेस पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। पिछले वनडे में भी उनके बल्ले से रन नहीं बने। वे 16 बॉल पर केवल 16 ही रन बना सके, इसमें एक ही छक्का शामिल रहा।
विराट कोहली की जगह ईशान किशन ने ली, क्या जायसवाल और करना होगा इंतजार
विराट कोहली की गैरहाजिरी में नंबर तीन पर बल्लेबाजी के लिए कौन आएगा, ये सवाल था। यहां पर फिलहाल ईशान किशन को उतारा गया। उन्होंने 22 बॉल पर 34 रनों की एक छोटी सी पारी खेली। क्या अब यशस्वी जायसवाल को मौका दिया जाएगा। अभी सीरीज जीतने हारने का सवाल नहीं है। कौन सा बल्लेबाज कैसा प्रदर्शन कर रहा है, ये ज्यादा अहम है। दूसरा नहीं तो तीसरा, कम से कम एक मैच तो जायसवाल को मिलना ही चाहिए। वे टेस्ट के अहम बल्लेबाज हैं, लेकिन वनडे में अभी तक अपनी जगह नहीं बना पाए हैं, क्योंकि उन्हें खेलने के लिए मैच मिलते ही कहां हैं।
कुलदीप यादव भी कर रहे हैं अपनी बारी का इंतजार
इसके बाद आगे की टीम करीब करीब वही रहेगी, तो पिछले मैच में थी। यानी श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी। पिछले मैच में हर्ष दुबे को डेब्यू का मौका मिला, उन्होंने 5 ही ओवर में तीन विकेट झटक लिए। अब उन्हें आगे भी ऐसा ही खिलाया जाता रहेगा या फिर उनकी जगह कुलदीप यादव आएंगे। जो वनडे टीम सेटअप का हिस्सा तो हैं, लेकिन कई बार बिना किसी वजह के बाहर भी कर दिए जाते हैं। अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध तो टीम का हिस्सा रहेंगे ही, साथ ही गुरनूर बरार भी टीम में बने रह सकते हैं। यानी प्रिंस यादव को अभी कुछ और वक्त का इंतजार अपने डेब्यू के लिए करना होगा।
भारत की पूरी टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, श्रेयस अय्यर, रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या, वाशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, ईशान किशन, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार, प्रिंस यादव।
यह भी पढ़ें
एक दिन में टीम इंडिया खेलेगी 3 मुकाबले, सुबह से शाम तक एक्शन, नोट कीजिए मैच शुरू होने का वक्त
वैभव सूर्यवंशी क्या अगला वनडे मैच खेल पाएंगे, कब है भारतीय टीम का मुकाबला?