1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जोश हेजलवुड ने गेंद से बरपाया कहर, ब्रेट ली को छोड़ दिया पीछे, अब निशाने पर मिचेल जॉनसन

जोश हेजलवुड ने गेंद से बरपाया कहर, ब्रेट ली को छोड़ दिया पीछे, अब निशाने पर मिचेल जॉनसन

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 14, 2026 11:49 am IST,  Updated : Oct 14, 2026 11:49 am IST

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ डरबन टेस्ट में अपनी धारदार गेंदबाजी से बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। इस प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज ब्रेट ली को पछाड़ दिया।

Josh Hazlewood - India TV Hindi
जोश हेजलवुड Image Source : AFP

ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने साउथ अफ्रीका की धरती पर कमाल कर दिया। डरबन में खेले गए पहले टेस्ट मैच के आखिरी दिन जोश हेजलवुड ने गेंद से कहर बरपाते हुए साउथ अफ्रीका को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 421 रनों का बड़ा लक्ष्य था। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम अपनी दूसरी पारी में महज 206 रनों पर ढेर हो गई। अफ्रीकी टीम को समेटने में जोश हेजलवुड का अहम योगदान रहा, जिन्होंने 6 बल्लेबाजों का अकेले शिकार किया। इस तरह हेजलवुड ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज ब्रेट ली को पछाड़ दिया।

जोश ने डरबन टेस्ट में गेंद से बरपाया कहर

दरअसल, हेजलवुड ने 9 से 13 अक्टूबर तक डरबन के किंग्समीड मैदान पर खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया। पैट कमिंस की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने यह मुकाबला 214 रन से अपने नाम किया। हेजलवुड ने पहली पारी में दो विकेट लिए, जबकि दूसरी पारी में साउथ अफ्रीका के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। उन्होंने दूसरी पारी में 16.5 ओवर गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 49 रन दिए और ऑस्ट्रेलिया की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई।

टेस्ट में ब्रेट ली को छोड़ा पीछे

दूसरी पारी में 6 विकेट लेने के साथ ही हेजलवुड के टेस्ट विकेटों की संख्या 311 हो गई है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट क्रिकेट में 310 विकेट लेने वाले ब्रेट ली को पीछे छोड़ दिया। ली ने 1999 से 2008 के बीच ऑस्ट्रेलिया के लिए 76 टेस्ट खेले थे। वहीं, हेजलवुड अब तक 79 टेस्ट मैचों में 311 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।

इस उपलब्धि के साथ हेजलवुड ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं। अब उनकी नजर मिचेल जॉनसन पर है, जिन्होंने 2007 से 2015 के बीच 73 टेस्ट मैचों में 313 विकेट लिए थे। साउथ अफ्रीका के खिलाफ अगले दो टेस्ट मैचों में हेजलवुड अगर तीन विकेट हासिल कर लेते हैं, तो वह जॉनसन को पीछे छोड़कर सातवें स्थान पर पहुंच जाएंगे।

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज

  • शेन वॉर्न - 708
  • नाथन लियोन - 573
  • ग्लेन मैक्ग्रा - 563
  • मिचेल स्टार्क - 448
  • डेनिस लिली - 355
  • पैट कमिंस - 326
  • मिचेल जॉनसन - 313
  • जोश हेजलवुड - 311
  • ब्रेट ली - 310

यह भी पढ़ें:

अभिषेक शर्मा के निशाने पर सूर्यकुमार यादव का बहुत बड़ा कीर्तिमान, न्यूजीलैंड टूर पर रच सकते हैं इतिहास

फखर जमान ने सिर्फ एक छक्के से रचा इतिहास, T20I में 100 छक्के जड़ने वाले वाले बने पहले पाकिस्तानी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।